@शब्द दूत ब्यूरो (11 मार्च 2026)
काशीपुर। श्रीराम इंस्टीट्यूट काशीपुर के एमबीए छात्र-छात्राओं के लिए इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) काशीपुर के डिजाइन थिंकिंग एंड इनोवेशन सेंटर द्वारा एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “मैनेजमेंट थ्रू डिजाइन थिंकिंग एंड इनोवेशन” रहा, जिसमें विद्यार्थियों को आधुनिक प्रबंधन के नए आयामों से परिचित कराया गया।
कार्यशाला में आईआईएम काशीपुर के प्रोफेसर समरजीत एवं गार्गी रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में डिजाइन थिंकिंग के माध्यम से प्रबंधन के क्षेत्र में नए और रचनात्मक समाधान विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों, केस स्टडी और इंटरएक्टिव गतिविधियों के जरिए छात्रों को समस्या समाधान, नवाचार और क्रिएटिव मैनेजमेंट की अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाया।
यह कार्यशाला विशेष रूप से श्रीराम इंस्टीट्यूट के एमबीए छात्रों के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को डिजाइन थिंकिंग की पूरी प्रक्रिया, ग्राहक केंद्रित दृष्टिकोण और नवाचार आधारित प्रबंधन रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
श्रीराम संस्थान की ओर से इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अकिल अहमद, कुलदीप, अंशुल नाथ और अंजलि नायर उपस्थित रहे। सभी ने इस कार्यशाला को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
संस्थान प्रबंधन ने आईआईएम काशीपुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक सहयोग से विद्यार्थियों को उद्योग और प्रबंधन की आधुनिक अवधारणाओं को समझने का अवसर मिलता है, जिससे उनके ज्ञान और व्यक्तित्व दोनों का समग्र विकास होता है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal