@शब्द दूत ब्यूरो (08 फरवरी 2026)
काशीपुर। ब्लूमिंग स्कूल के मैदान में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन आज श्रद्धा, अनुशासन और सनातन चेतना के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। सम्मेलन सनातन धर्म की एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और सामाजिक समरसता का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, धर्माचार्यों, महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः शनि मंदिर, दुर्गा कॉलोनी से निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जो ब्लूमिंग स्कूल तक पहुंची। पशुपतिनाथ मंदिर क्षेत्र से भी श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा, जयघोष और भक्ति गीतों से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।
सम्मेलन के दौरान यज्ञ, हवन, भजन-कीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चार का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने अग्नि को आहुति देकर बुद्धि, विवेक, ऐश्वर्य और समृद्धि की कामना की। “सच्चिदानंद भगवान की जय”, “सनातन धर्म की जय” और “श्रीराम-हनुमान की जय” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
मुख्य कार्यक्रम में जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 हिमालय योगी डॉ. वीरेंन्द्रानंद गिरी जी महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति शाश्वत, अमर और मानवता के कल्याण का मार्ग है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि वह अपने मूल्यों को पहचानकर एकजुट रहे।
मुख्य वक्ता श्रीमान नारायण (प्रान्त धर्म जागरण प्रमुख) ने सनातन धर्म की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को संस्कारों से जोड़ने और समाज में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता बताई।
मीडिया से बातचीत में महिमंडलेश्वर स्वामी वीरेंद्रानंद गिरी महाराज ने कहा कि विराट हिंदू सम्मेलन का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना और विश्व को यह संदेश देना है कि सनातन परंपरा सदैव अडिग रही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे सम्मेलन आयोजित करने से छोटे स्थानों तक भी जागरूकता पहुंचती है और जनसहभागिता बढ़ती है।
युवाओं की भूमिका पर उन्होंने कहा कि युवा वर्ग पूरी तरह जागरूक है, भले ही वह मंच पर कम दिखाई दे, लेकिन व्यवस्थाओं और आयोजनों में उसकी सक्रिय भागीदारी रहती है। उन्होंने पूर्व आयोजनों और कुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों का उदाहरण भी दिया।
धर्म पर हो रही आलोचनाओं और कथित हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति को कमजोर करने के प्रयास हमेशा होते रहे हैं, लेकिन यह संस्कृति समय की हर कसौटी पर खरी उतरी है और आगे भी बनी रहेगी।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने शांति पाठ कर समाज में सद्भाव, एकता और सकारात्मक चेतना फैलाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के लिए सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों और मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त किया।
विराट हिन्दू सम्मेलन के संयोजक संजय शर्मा पार्षद व भाजपा नेता जयदीप ढौंढियाल रहे। इस दौरान उपस्थित प्रमुख लोगों में पूर्व मेयर श्रीमती ऊषा चौधरी, आदित्य कोठारी, सुरेन्द्र सिंह जीना, कमला रिखाड़ी, जीतेन्द्र दत्त देवलाल, मनोज सती समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

