@शब्द दूत ब्यूरो (03 फरवरी 2026)
काशीपुर। नगर निगम सभागार में शहर के विकास को नई दिशा देने वाले तीन बड़े प्रोजेक्ट्स का विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। इन परियोजनाओं में गिरीताल सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास, पांच स्थानों पर आधुनिक वेंडिंग जोन का निर्माण और अत्याधुनिक डॉग शेल्टर होम शामिल हैं। इन तीनों परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 50 करोड़ रुपये बताई गई है।
प्रेजेंटेशन के दौरान बताया गया कि गिरीताल परियोजना माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप तैयार की गई है, जिसकी कुल लागत लगभग 32 करोड़ रुपये है। इस परियोजना का क्रियान्वयन सिंचाई विभाग द्वारा किया जाएगा। गिरीताल को पर्यटन, धार्मिक आस्था और नागरिक सुविधाओं के समन्वय के साथ विकसित किया जाएगा। इसमें घाटों का विस्तार, मंदिर क्षेत्र का जीर्णोद्धार, ओपन एयर थिएटर, स्कल्प्चर गार्डन, बटरफ्लाई गार्डन, जंगल ट्रेल, साइकिलिंग एवं जॉगिंग ट्रैक, योग-ध्यान केंद्र, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, बोटिंग, फूड कोर्ट, कैफे, लाइब्रेरी और मियावाकी फॉरेस्ट जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। परियोजना को इस तरह डिजाइन किया गया है कि एक भी पेड़ को काटे बिना विकास किया जाए।
दूसरे चरण में शहर में पांच स्थानों पर वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना प्रस्तुत की गई। इन वेंडिंग जोनों की कुल लागत 7.14 करोड़ रुपये है, जिनमें कुल 215 दुकानें प्रस्तावित हैं। इनमें फल-सब्जी बाजार और फूड कोर्ट दोनों शामिल होंगे। द्रोणासागर के पीछे, सीतापुर आई हॉस्पिटल के सामने, दुर्गा कॉलोनी-गिरीताल रोड, रामनगर रोड (हीरो होंडा शोरूम के पास) और गिरीताल बाईपास रोड पर ये वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। इन क्षेत्रों में पार्किंग, बिजली-पानी, ड्रेनेज, बैठने की व्यवस्था, लैंडस्केपिंग और सजावटी लाइटिंग की सुविधा होगी, जिससे सड़क किनारे ठेला लगाने वाले विक्रेताओं को व्यवस्थित और सुरक्षित रोजगार मिल सके।
तीसरी महत्वपूर्ण योजना डॉग शेल्टर होम से जुड़ी है, जिसकी लागत लगभग 10 करोड़ रुपये बताई गई। यह शेल्टर आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के साथ-साथ उनके उपचार, टीकाकरण और देखभाल के लिए बनाया जाएगा। इसमें पालतू कुत्तों के लिए भी अस्पताल की सुविधा उपलब्ध होगी, जिसे देश के बेहतर डॉग शेल्टरों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं शहर के समग्र विकास के लिए तैयार की गई हैं और इन्हें सेल्फ-सस्टेनेबल मॉडल पर विकसित किया जाएगा, ताकि इनसे होने वाली आय से रखरखाव संभव हो सके। उन्होंने गिरीताल परियोजना के लिए आवश्यक एनओसी को लेकर हिंदी प्रेम सभा से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह परियोजना काशीपुर के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा,पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल , उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह , तहसीलदार पंकज चंदोला, , नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य और नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने प्रोजेक्ट्स की सराहना करते हुए शहर के विकास में सहयोग का भरोसा दिलाया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

