@शब्द दूत ब्यूरो (11 नवंबर 2025)
काशीपुर। महापौर दीपक बाली ने पशु चिकित्सालय कैंपस में स्थापित एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अगस्त माह से संचालित यह केंद्र अब तक नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से पकड़े गए करीब 700 कुत्तों का बधियाकरण कर उन्हें रेबीज टीकाकरण के बाद उन्हीं स्थानों पर छोड़ चुका है।
नगर निगम क्षेत्र में लगभग 8 से 10 हजार आवारा कुत्ते सड़कों पर घूमते हैं, जो लंबे समय से नागरिकों के लिए बड़ी समस्या बने हुए हैं। महापौर को लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर उन्होंने आज स्वयं केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव कुमार ने उन्हें केंद्र की समस्याओं से अवगत कराया, जिनका समाधान कराने का आश्वासन महापौर ने तुरंत दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आठ विद्युत लाइटों की तत्काल व्यवस्था कराई। बिजली से संबंधित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से भी वार्ता की।
महापौर बाली ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुसार जल्द ही केंद्र में कुत्तों के आश्रय स्थल का निर्माण भी किया जाएगा। केंद्र की टीम नियमित रूप से कैचिंग वाहन के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर कुत्तों को पकड़कर यहां लाती है, जहां प्रतिदिन लगभग 15 कुत्तों का बधियाकरण किया जाता है। उन्हें पांच दिन तक रखकर उनकी स्वास्थ्य देखभाल की जाती है और फिर उन्हें उसी स्थान पर छोड़ा जाता है जहां से वे पकड़े गए थे।
डॉ. शिव कुमार ने जानकारी दी कि फिलहाल केंद्र में 85 कुत्तों को रखने की क्षमता है। 8 अगस्त से शुरू हुए इस केंद्र में सबसे पहले तीन कुत्तों का बधियाकरण किया गया था। करोड़ों की लागत से बना यह केंद्र महीनों पहले तैयार हो चुका था, लेकिन इसे सक्रिय रूप से संचालित कराना महापौर दीपक बाली के प्रयासों से संभव हो पाया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 35 लाख रुपए की लागत से उपकरण, फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था और कैचिंग वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।
यहां लाए गए कुत्तों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर भोजन उपलब्ध कराया जाता है। महापौर ने बताया कि रेबीज टीका लगने से कुत्तों के काटने पर गंभीर खतरा कम हो जाता है। केंद्र में पशु चिकित्सक सहित कुल सात कर्मचारी कार्यरत हैं—विनोद कुमार, पप्पू चंद्रा, राजेश, राम अवतार, सुरेंद्र कुमार, शशांक कुमार दुबे (असिस्टेंट मैनेजर) और डॉ. शिव कुमार।
निरीक्षण के दौरान पार्षद दीपा पाठक, पुष्कर बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष मानवेंद्र मानस चौधरी, समरपाल सिंह और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी भी मौजूद रहे।
महापौर ने विश्वास जताया कि समय जरूर लगेगा, लेकिन जल्द ही काशीपुरवासी आवारा कुत्तों की समस्या से बड़ी राहत महसूस करेंगे। उन्होंने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

