@शब्द दूत ब्यूरो (26 अगस्त 2025)
काशीपुर। पुलिस ने अंतर्राज्यीय जेबकतरे गैंग का भंडाफोड़ करते हुए इसके दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए पर्स, आधार कार्ड, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
यह गैंग अखबारों और सोशल मीडिया के जरिए राजनीतिक व धार्मिक रैलियों और भीड़भाड़ वाले आयोजनों की जानकारी लेकर वहां पहुंचता था और फिर जेबकतरी की वारदात को अंजाम देता था। मामला 14 अगस्त का है जब अनन्या रेजीडेंसी काशीपुर में विभाजन विभीषिका कार्यक्रम के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर वादी तेज बहादुर गुप्ता और उनके साथियों की जेब काट ली गई थी।
शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनन्या रेजीडेंसी व आसपास लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान कर ली। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर 25 अगस्त को नौगजा मजार क्षेत्र से फरियाद हुसैन निवासी जसपुर और अमित सैनी निवासी धामपुर (बिजनौर) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे अपने साथियों हचकी, शिवम, समीर, रजी, राजू उर्फ डॉक्टर और अरमान के साथ मिलकर गैंग बनाकर पहले कार्यक्रम की रैकी करते हैं और फिर भीड़ में धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर लोगों के पर्स और नकदी पार कर अलग-अलग दिशाओं में भाग जाते हैं।
गिरफ्तार आरोपी फरियाद हुसैन और अमित सैनी पर पहले से ही चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इस गैंग का सरगना शिवम बताया जा रहा है, जबकि अन्य सदस्य फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पूरे ऑपरेशन में एसआई कौशल भाकुनी, एसआई गिरीश चंद्र, एडीएसआई प्रकाश बोरा, आरक्षी प्रेम कनवाल और आरक्षी गिरीश मठपाल की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और शीघ्र ही पूरे गैंग को दबोच लिया जाएगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

