@शब्द दूत ब्यूरो (26 जून 2025)
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर वाहन अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरी। वाहन के केदारनाथ से लौटकर बदरीनाथ की ओर जा रहे होने की जानकारी है। हादसे की खबर मिलते ही सचिव आपदा प्रबंधन स्वयं कंट्रोल रूम पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करने लगे। एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं।
कहा जा रहा है कि हादसे में अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं हालांकि अभी इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। वाहन में कुल 20 लोग सवार थे, जिनमें 7 यात्री गुजरात, 2 महाराष्ट्र, 7 राजस्थान, 2 मध्य प्रदेश से और वाहन चालक हरिद्वार से था। नदी में बहाव तेज होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में बाधा आ रही है।
घायलों में दीपिका सोनी (42 वर्ष, सिरोही मीना वास, राजस्थान), हेमलता सोनी (45 वर्ष, गोगुंडा, राजस्थान), ईश्वर सोनी (46 वर्ष, पर्वत सिलिकॉन पैलेस, गुजरात), अमिता सोनी (49 वर्ष, मीरा रोड, महाराष्ट्र), भावना सोनी (43 वर्ष, गुजरात), भव्य सोनी (7 वर्ष, गुजरात), पार्थ सोनी (10 वर्ष, मध्य प्रदेश) और चालक सुमित कुमार (23 वर्ष, हरिद्वार) के नाम सामने आए हैं।
घायल चालक सुमित कुमार ने बताया कि ट्रेवलर में कुल 19 लोग सवार थे और वह केदारनाथ से लौटकर बदरीनाथ जा रहा था। इस दौरान एक ट्रक ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे वाहन नदी में गिर गया। हादसे के बाद चालक किसी तरह बाहर निकल सका, लेकिन बाकी यात्री बहाव में बह गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, “जनपद रुद्रप्रयाग में एक टेंपो ट्रैवलर के नदी में गिरने का समाचार अत्यंत दुःखद है। SDRF सहित अन्य बचाव दलों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।”
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और लापता यात्रियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अलकनंदा नदी का जलस्तर और क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति राहत कार्य को चुनौतीपूर्ण बना रही है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी सतर्कता बरतने और राहत कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal