
@विनोद भगत
उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों को लेकर आई बेबसीरीज अतिथि सत्कारम मात्र बेबसीरीज नहीं वरन् राज्य के मुद्दों और वर्तमान दौर के पारिवारिक अंतर्द्वंद्व की कहानी है। इसके जरिए पटकथा लेखक जो संदेश देना चाहता है उसमें काफी हद तक सफल हुए हैं।
बेबसीरीज का ताना-बाना एक आम उत्तराखंडी परिवार की कशमकश को ध्यान में रखकर बुना गया है। वहीं इसमें अभिनय कर रहे कलाकारों ने अपने द्वारा निभाये गये पात्र को खूबसूरती के साथ जिया है। कहानी जिस तरह से आगे बढ़ती है उसे आगे देखने की उत्कंठा और जिज्ञासा बलवती होती जाती है। भूमिका के साथ न्याय करते कलाकारों ने बेबसीरीज के संदेश को पूरी ईमानदारी के साथ सार्थक किया है।

लेखक व निर्देशक जगदीश तिवारी ने खुद रघु चायवाला का किरदार इस तरह से निभाया है कि उत्तराखंड में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित किया है। अनिल घिल्डियाल उत्तराखंड के सिनेमा और थियेटर के मंझे हुए अभिनेता हैं। एक आम उत्तराखंडी बुजुर्ग जिस तरह से मेहमान बनकर आता है और परिवार के साथ आत्मीयता से पेश आता है ठीक उसी तरह से अनिल घिल्डियाल ने अपने अधिकार के साथ चाचा का अभिनय किया है। बेब सीरीज के नायक नायिका दंपति का अभिनय इस बेब सीरीज के मूल संदेश को देने में सफल साबित हुआ है। दोनों पति-पत्नी के पात्र जीवन की आवश्यकताओं की पूर्ति में लगे हुए हैं। लोन की किश्तें भी भरनी है और घर में आने जाने वाले मेहमानों का भरपूर स्वागत सत्कार जिस आत्मीयता से अपने निजी जीवन के तनावों और आपाधापी के बावजूद करते हैं वह प्रेरित करता है। संस्कारों और संस्कृति त्यौहारों, धार्मिक आयोजनों के साथ दोनों का जीवन चल रहा है।
आम बेब सीरीज में जहां मसालों को भरा जाता है वहां इस बेब सीरीज में उससे परहेज किया गया है। गणेश भट्ट का किरदार बेब सीरीज में हल्के हास परिहास के रूप में दर्शकों को बांधे रखता है। गणेश भट्ट उत्तराखंड के कलाकारों में अपना अलग स्थान रखते हैं। हास्य कलाकार और मिमिक्री में वह उत्तराखंड के रोजमर्रा की घटनाओं और वास्तविक चरित्रों के साथ बालीवुड के कलाकारों की भी मिमिक्री कर लोगों को हंसाते हैं लेकिन आजकल की तरह इस बेब सीरीज में फूहड़ हास्य लेशमात्र भी नहीं है। परिवार के साथ इस बेब सीरीज को देखा जा सकता है।
महिला पात्रों में वृंदा देसाई का अल्हड़ अंदाज बेब सीरीज को रोचक बना देता है। चौरसिया का ऱंगीनमिजाज चरित्र मर्यादित ढंग से निभाया गया है। बेब सीरीज अतिथि सत्कारम की एक खास बात यह है कि इसे उत्तराखंड में ही फिल्माया गया है। हल्द्वानी में शूट हुई ये बेब सीरीज पहली उत्तराखंडी बेबसीरीज है।
सियाराम प्रेस वाले का किरदार इस बेब सीरीज में बहुत पहले दूरदर्शन पर आये एक सीरियल नुक्कड़ की बात याद दिलाता है। इसके सभी पात्र जिस तरह एक दूसरे के साथ व्यवहार करते हैं एक दूसरे के सुख दुख में साथ निभाते हैं वह भी अपने आप में एक संदेश है।
उधर पारिवारिक कशमकश के बीच इस बेब सीरीज में उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों की ओर भी ध्यान आकृष्ट किया है। भू कानून, पलायन जैसे प्रासंगिक विषयों पर भी बेब सीरीज की कहानी बहुत कुछ कहती है। संपत्ति बेचने की जो होड़ सी लगी हुई है उस पर तीखा कटाक्ष किया गया है। और मकान को महज प्रापर्टी समझने वालों पर तगड़ी चोट की गई है। पहाड़ से दूर होते जा रहे स्थानीय लोगों को एक बार अपनी जमीन और पुश्तैनी घरों की ओर लौटने का यानी रिवर्स पलायन पर जोर दिया गया है।
नशा आज उत्तराखंड की प्रमुख समस्याओं में से एक है। रिश्तों में शराब की वजह से आने वाली दरार को चित्रित किया गया है। नशे में मामूली सी बात बहुत बड़ी कलह को जन्म दे सकती है। ,विभिन सरकारी योजनाओं क़े सकारात्मक नतीजों पर प्रकाश डालती यह वेब सीरीज जहाँ वर्तमान में चल रही योजनाओं को सही दिशा व् दिशा देने की ओर संकेत दे रही है वही दूसरी ओर आम जनमानस की जिम्मेदारियों से दूर भागने और इनके प्रति उदासीनता की चिंता भी व्यक्त कर रही है
“अतिथि सत्कारम” सिद्धि साइन उत्तराखंड प्रोडक्शन की निर्मात्री पूजा सिंह कहती हैं कि इस वेब सीरीज का मुख्य उद्देश्य पहाड़ कि संस्कृति संस्कार और उन पर पड़ रहे आज क़े शहरीकरण के प्रभाव को दिखाने क़े साथ साथ, पहाड़ क़े कलाकारों को हिंदी सिनेमा से जोडने का प्रयास है मुंबई , दिल्ली क़े अलावा ज्यादातर कलाकार हल्द्वानी , अल्मोड़ा , कोटद्वार आदि पहाड़ी क्षेत्रों से इस वेब सीरीज में अभिनय करते नजर आएंगे।
बेब सीरीज में गीत संगीत में गोविन्द दिगारी व् ख़ुशी जोशी क़े भजन व् होली गीत और इसका टाइटल गीत दीवान कनवाल और मधु बेरिया शा की मधुर आवाज में सुनने को मिलेंगे।
वेब सीरीज के डायरेक्टर आफ फोटोग्राफी ध्रुव त्यागी ने बताया कि अत्याधुनिक डिजिटल कैमरों, ट्रैक ट्राली , ड्रोन , लाइट्स से यह वेब सीरीज खास तरीके से बनी उत्तराखंड परिवेश पर पहली वेब सीरीज है
इस सीरीज में अभिनय में उत्तराखंड, दिल्ली व् मुंबई क़े कलाकार कल्याणी गंगोला , आदित्य नाहर, अनिल घिल्डयाल ,सुशीला रावत , पदमेंद्र रावत , देवकी शर्मा , कुसुम चौहान , राजा हर्षवर्धन, बिंद्रा , किस्मत , विमल उनियाल ,देवेंद्र सोनू , राजेश आर्या , जगदीश तिवारी , ध्रुव त्यागी, पूजा सिंह , राजेश आर्या, खुशाल सिंह बिष्ट ,गणेश भट्ट , किरण लखेड़ा जीवन दानु , लच्छू पहाड़ी , गोविन्द दिगारी , ख़ुशी जोशी , हरीश सिंह राणा , जोगा बिष्ट , भानु पहाड़ी , प्रतिभा पंत, राम कुमार बशिष्ठ, गिरीश भट्ट ,भूपाल सिंह , अर्चना , मिली, साहिल जोशी , जगदीश पांडेय हरीश भारती आदि अपनी खास भूमिका में दिखाई देंगे ।
बाल कलाकार में तृष्का ने अपनी बाल लीलाओं क़े माध्यम से आज क़े माता -पिता को सन्देश देने की कोशिश कर रही है।
बेब सीरीज की टेक्निकल टीम में असिस्टेंट डायरेक्टर पूजा शर्मा , प्रोडक्शन कंट्रोलर देवकी शर्मा , आर्ट डायरेक्टर राम कुमार बशिष्ठ, सहयोगी अनिल घिल्डियाल , भुवन जोशी , लोकेशन शर्मीला जी , दानी भाई और समस्त कॉलोनी वासी सत्या विहार हल्द्वानी की भूमिका भी इस वेब सीरीज के माध्यम से दिखाई दे रहे है।
अतिथि सत्कारम की निर्मात्री पूजा सिंह व् लेखक -निर्देशक जगदीश तिवारी ने जल्दी ही वेब सीरीज की जीओ ऐप , एम एक्स प्लेयर , अमेज़न मिनी टीवी, हॉट स्टार , डिजनी , यूट्यूब आदि ओ टी टी प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज़ की संभावना भी बताई है।
इस बेबसीरीज के आठों एपिसोड नीचे दिये गए लिंक पर जाकर देख सकते हैं –
https://www.hungama.com/tv-show/atithi-satkaaram/121852531/
बेब सीरीज के कलाकारों से शब्द दूत की बातचीत यहाँ देखें –
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal