@शब्द दूत ब्यूरो (16 मार्च 2023)
जसपुर। उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दौरान जसपुर कांग्रेस विधायक द्वारा सदन में किये गये व्यवहार को पूर्व भाजपा विधायक डॉ शैलेन्द्र मोहन सिंघल ने अमर्यादित और लोकतंत्र को कलंकित करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि ऊधमसिंहनगर के एस एस पी द्वारा अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई से कांग्रेस विधायक अपना आपा खो बैठे हैं।
अपने निवास पर आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कहा की स्पीकर द्वारा विधायक आदेश चौहान के विशेषाधिकार हनन का फैसला लोकतांत्रिक व न्यायसंगत है। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय में विचाराधीन मामले की की चर्चा नियमानुसार सदन के पटल पर नहीं की जा सकती।
डॉ सिंघल ने कहा कि विधायक आदेश चौहान अपने निजी स्वार्थ के वशीभूत होकर देवभूमि उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण की प्रतीक प्रथम महिला विधानसभा के समक्ष सदन में दुर्व्यवहार कर उत्तराखंड में जसपुर विधानसभा क्षेत्र को कलंकित करने का कुकृत्य किया है। प्रदेश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। सदन में अपनी मनमानी पूरी ना होने पर विधायक इस कदर बौखला गए कि उन्होंने प्रश्नोत्तर फाड़ डाले । विधानसभा सचिव की मेज का माइक तोड़ा और गाली गलौज कर लोकतंत्र के मंदिर का अपमान किया ।
पूर्व विधायक डॉ सिंघल ने कहा कि विधायक ने अपने अमर्यादित आचरण से ये स्पष्ट कर दिया है कि उनके लिए स्वयं का हित सर्वोपरि है ना कि क्षेत्र का विकास। इस अवसर पर दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal