@शब्द दूत ब्यूरो (12 अक्टूबर 2022)
काशीपुर । पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने उत्तराखण्ड परिवहन निगम के काशीपुर डिपो का रामनगर डिपो में किए जा रहे विलय पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा है कि किसी भी दशा में काशीपुर डिपो को रामनगर डिपो में विलय नहीं होने दिया जाएगा।
यहाँ जारी एक बयान में पूर्व भाजपा विधायक हरभजन सिंह चीमा ने कहा कि काशीपुर डिपो की स्थापना वर्ष 1982 में हुई थी। इस समय काशीपुर डिपो से 56 बसें संचालित हो रही है।
शहर की बढ़ती आवादी को ध्यान में रखते हुए इस बस अडडे को मुरादाबाद रोड पर 4 लेन वाईपास के पास स्थानान्तरित किए जाने के लिए उनके द्वारा पिछली सरकारों के समय से लगातार इस विषय को सरकार एवं सदन के समक्ष तथ्यों के आधार पर रखा गया था ।लेकिन खेद का विषय है कि सरकार इसकी तरफ ध्यान नहीं दे रही है।
दूसरी ओर इसी बीच पूर्व प्रबन्ध निदेशक, परिवहन निगम रंजना राजगुरू ने इस डिपो को रामनगर डिपो में विलय किए जाने के दिए गए आदेश के प्रति परिवहन मन्त्री चन्दन राम दास के द्वारा रोक लगाए जाने के आदेश के बावजूद भी विभाग द्वारा मन्त्री के आदेश की अनदेखी की जा रही है। अभी तक रामनगर डिपो में विलय के आदेश को निरस्त न करते हुए मामले को ठंडे बस्ते में रखा गया है। जिसे काशीपुर की जनता कभी भी स्वीकार नहीं करेगी।
पूर्व विधायक चीमा ने सरकार से माँग की है कि काशीपुर डिपो का वजूद यथावत रखा जाए एवं शीघ्रातिशीघ्र परिवहन निगम काशीपुर के बस अडडे को मुरादाबाद रोड पर ४ लेन वाईपास के पास स्थानान्तरित कराया जाए।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal