पुलिस हालातों को काबू करने की कोशिश कर रही है।
@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (03 मई, 2022)
राजस्थान के जोधपुर में ईद के मौके पर दो समुदायों के बीच झड़प के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है। जोधपुर में जालौरी गेट इलाके में झंडों को लेकर हुए विवाद के कारण पिछली रात भी झड़प हुई थी। पुलिस हालातों को काबू करने की कोशिश कर रही है।
हिंसा की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए बल प्रयोग किया। हालांकि इलाके में अभी भी तनाव बना हुआ है। संवेदनशील परिस्थितियों के मद्देनज़र पुलिस आयुक्तालय ने जोधपुर आयुक्तालय क्षेत्र में दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा लागू की हैं।
जोधपुर के दस थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लागू किया गया है। जो कि 4 मई, 2022 की मध्यरात्रि 12.00 बजे तक रहेगा। अफवाह फैलाने से रोकने के लिए जोधपुर में इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है और पुलिस सुरक्षा में ईद की नमाज अदा की गई।
जोधपुर में तीन दिवसीय परशुराम जयंती उत्सव भी चल रहा है और दोनों समुदायों द्वारा धार्मिक झंडे को लेकर ये विवाद हुआ जो कि हिंसा में बदल गया। जानकारी के अनुसार ये विवाद जालौरी गेट इलाके से शुरू हुआ था।
इस विवाद की शुरुआत सोमवार आधी रात के बाद हुई जब अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ सदस्य ईद के मौके पर जालौरी गेट के पास एक चौराहे पर धार्मिक झंडे लगा रहे थे। लोगों ने चौराहे में स्थापित स्वतंत्रता सेनानी बालमुकुंद बिस्सा की प्रतिमा पर झंडा लगाया। जिसका हिंदू समुदाय के लोगों ने विरोध किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि वहां परशुराम जयंती पर लगाए गए भगवा ध्वज को हटाकर इस्लामी ध्वज लगा दिया, इसको लेकर दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए और झड़प हो गई।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal