@शब्द दूत ब्यूरो (06 अप्रैल 2026)
काशीपुर। शहर में गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम परमानंदपुर स्थित बंद पड़े पोल्ट्री फार्म के खंडहर में छापा मारते ही हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची आईटीआई कोतवाली पुलिस टीम ने जब खंडहर की तलाशी ली तो वहां छिपाकर रखे गए 69 गैस सिलिंडर बरामद हुए। इनमें 53 खाली और 16 भरे सिलिंडर शामिल हैं।
लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ—तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से 3.17 किलो गांजा और करीब 100 लीटर कच्ची शराब भी बरामद हुई, जिससे यह साफ हो गया कि यहां अवैध गतिविधियों का बड़ा अड्डा संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से जुबैर अली निवासी घोसीपुरा पट्टीकला, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29 और औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम 1940 की धारा 27 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बरामद सिलिंडरों को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि गांजा और कच्ची शराब को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बाद गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने गुप्त टीमें गठित की हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद काशीपुर में गैस माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं प्रशासन अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की तैयारी में जुट गया है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal