@शब्द दूत ब्यूरो (30 मार्च 2026)
काशीपुर। रामनगर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर अधूरे पड़े ओवरब्रिज निर्माण को लेकर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। महानगर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अलका पाल ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।
उन्होंने कहा कि यह ओवरब्रिज पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से अधूरा पड़ा है, जिससे रोजाना हजारों लोगों को यातायात में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से आम जनता, स्कूली बच्चों और व्यापारियों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
अलका पाल ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर अवगत कराया है। साथ ही उप जिलाधिकारी से वार्ता कर निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसियों—एनएच और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से जल्द काम पूरा करने की मांग की गई है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि काशीपुर में लंबे समय से भाजपा के विधायक, सांसद और मेयर होने के बावजूद इस महत्वपूर्ण परियोजना की अनदेखी की गई है। कांग्रेस विकास कार्यों में लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगी और जनता के हित में संघर्ष जारी रखेगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal