@शब्द दूत ब्यूरो (30 मार्च 2026)
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन ने करीब 25 साल पुराने दुर्गा मंदिर को हटाने की कार्रवाई की। यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के चुंगी चौराहे का है, जहां कैप्टन मनोज पांडे चौक पर सड़क विस्तार का कार्य चल रहा है और मंदिर इस परियोजना में बाधा बन रहा था।
रविवार को प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और मंदिर में स्थापित मूर्तियों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान नायब तहसीलदार महेंद्र तिवारी ने स्वयं छेनी-हथौड़ी उठाकर मूर्तियों को हटाया। वहीं एसडीएम दामिनी एम. दास मंदिर के सामने हाथ जोड़कर खड़ी नजर आईं, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
प्रशासन के अनुसार, मूर्तियों को विधि-विधान के साथ सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया जाएगा। इसके बाद मंदिर के ढांचे को हटाकर सड़क चौड़ीकरण का कार्य आगे बढ़ाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय मंदिर के पुजारी और अधिकांश स्थानीय लोगों की सहमति से लिया गया है।
हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर कुछ स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। उनका कहना है कि धार्मिक मान्यताओं को ध्यान में रखते हुए मूर्तियों के स्थानांतरण के लिए थोड़ा समय दिया जाना चाहिए था। प्रशासन ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखा है।
बताया जा रहा है कि सड़क चौड़ीकरण और चौराहे के सौंदर्यीकरण की इस परियोजना को पूरा करने के लिए अन्य अतिक्रमणों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal