Breaking News

धामी सरकार के 4 साल: हल्द्वानी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा, टिकट दावेदारों का भी होगा शक्ति परीक्षण

@शब्द दूत ब्यूरो (18  मार्च 2026)

देहरादून। उत्तराखंड में धामी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में 21 मार्च को हल्द्वानी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की विशाल जनसभा प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि यह जनसभा जहां सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का मंच बनेगी, वहीं आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र टिकट के संभावित दावेदारों का शक्ति परीक्षण भी होगा।

दरअसल पुष्कर सिंह धामी सरकार ने 23 मार्च 2022 को शपथ ली थी और अब सरकार अपने चार साल पूरे होने का जश्न मना रही है। हाल ही में हरिद्वार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा के बाद अब कुमाऊं क्षेत्र में हल्द्वानी में बड़ा कार्यक्रम रखा गया है।

हल्द्वानी को कुमाऊं का प्रवेश द्वार माना जाता है। यहां मोतीराम बाबूराम इंटर कॉलेज मैदान में होने वाली जनसभा में लगभग 50 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी संगठन की ओर से प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल को कार्यक्रम का संयोजक बनाया गया है।

सूत्रों के मुताबिक संगठन ने कुमाऊं क्षेत्र की करीब 15 विधानसभा सीटों के विधायकों, दायित्वधारियों और टिकट के दावेदारों को जनसभा में भीड़ जुटाने का टारगेट दिया है। ऐसे में यह भी देखा जाएगा कि किस नेता की अपने क्षेत्र में कितनी पकड़ है और वह कितने कार्यकर्ताओं व समर्थकों को कार्यक्रम में ला पाता है। पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस पर नजर रखे हुए हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने अभी से चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए बड़े नेताओं की रैलियां आयोजित की जा रही हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में दो बड़ी जनसभाओं के बाद श्रीनगर गढ़वाल, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी इसी तरह के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। साथ ही केंद्रीय नेतृत्व की ओर से विभिन्न विधानसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों को लेकर सर्वे भी कराए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि पिछले चुनाव की तरह इस बार भी कई मौजूदा विधायकों के टिकट कट सकते हैं और नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है।

कार्यक्रम के अनुसार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 मार्च की सुबह पहले बरेली पहुंचेंगे, जहां से वे नैनीताल के घोड़ाखाल स्थित सैनिक स्कूल के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे से सवा तीन बजे तक हल्द्वानी की जनसभा में भाग लेकर वापस बरेली लौटेंगे।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

काशीपुर :बांसखेड़ा में बहु-विशेषज्ञता स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 250 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, देखिए वीडियो

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (16 मार्च 2026) काशीपुर। ग्राम बांसखेड़ा स्थित शिवमंदिर …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-