@शब्द दूत ब्यूरो (02 मार्च 2026)
काशीपुर। फाल्गुन पूर्णिमा के अवसर पर होलिका दहन और रंगोत्सव की तिथि को लेकर इस वर्ष देशभर में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। कहीं 2 मार्च को दहन की चर्चा है तो कहीं 3 मार्च को रंग खेलने को लेकर असमंजस है। इसी विषय पर काशीपुर के प्रकांड ज्योतिषाचार्य पंडित अरुण त्रिवेदी ने विशेष बातचीत में शास्त्रसम्मत निर्णय स्पष्ट किया।
पंडित त्रिवेदी ने बताया कि होलिका दहन फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि में ही किया जाना शास्त्रों में प्रशस्त है। इस वर्ष पूर्णिमा तिथि सायंकाल लगभग 5:30 बजे से प्रारंभ हो रही है, किंतु उसी समय भद्रा का प्रभाव भी रहेगा। शास्त्रों के अनुसार भद्रा काल में होलिका दहन वर्जित माना गया है। इसलिए भद्रा के पुच्छ भाग, जो सूर्योदय से लगभग ढाई से तीन घंटे पूर्व का समय है, उसी अवधि में होलिका दहन करना श्रेष्ठ रहेगा। उनके अनुसार प्रातः लगभग 3:00 बजे से 5:30 बजे के मध्य दहन का समय शास्त्रसम्मत है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस बार होलिका पर्व के दिन चंद्र ग्रहण का योग बन रहा है। शास्त्रों के अनुसार चंद्र ग्रहण से 9 घंटे पूर्व सूतक काल प्रारंभ हो जाता है, जिसमें शुभ कार्य वर्जित माने गए हैं। काशीपुर क्षेत्र में ग्रहण की दृश्य अवधि लगभग 20 से 25 मिनट की बताई गई है, जबकि सूतक काल लगभग सुबह 9:38 बजे से प्रभावी माना जाएगा। ऐसे में सूर्योदय से पूर्व होलिका दहन करना उचित रहेगा।
रंग खेलने के विषय में पंडित त्रिवेदी ने स्पष्ट किया कि होलिका दहन के समय ही परंपरानुसार लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं देते हैं, जिससे रंगोत्सव का आरंभ हो जाता है। हालांकि सूतक काल में रंग खेलने और उत्सव मनाने को शास्त्रसम्मत नहीं माना गया है। यदि कोई पूरे दिन रंगोत्सव मनाना चाहता है, तो 4 मार्च को रंग खेलना अधिक उपयुक्त रहेगा।
उन्होंने कहा कि सभी पर्व-त्योहार पंचांग और शास्त्रीय गणनाओं पर आधारित होते हैं, जो स्थान विशेष के अक्षांश-देशांतर के अनुसार तय किए जाते हैं। इसलिए अलग-अलग क्षेत्रों में मतभेद दिखाई देते हैं। ब्राह्मणों और ज्योतिषाचार्यों का कर्तव्य है कि वे शास्त्रों में वर्णित निर्देशों के अनुसार समाज को सही मार्गदर्शन दें।
अंत में पंडित अरुण त्रिवेदी ने सभी देशवासियों और प्रदेशवासियों को होलिकोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के लिए सुख, समृद्धि और आरोग्य लेकर आए।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal