Breaking News

काशीपुर में हुआ ऐतिहासिक रंगोत्सव: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता संग खेली होली, विकास योजनाओं की दी सौगात,काशीपुर की गलियों को याद कर भावुक हुये सीएम धामी, देखिए वीडियो

@शब्द दूत ब्यूरो (01 मार्च 2026)

काशीपुर। नगर निगम परिसर में आयोजित भव्य होली कार्यक्रम ‘रंगोत्सव’ में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहरवासियों के साथ होली खेलकर उत्सव को ऐतिहासिक बना दिया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों के बीच मुख्यमंत्री ने न केवल पर्व की शुभकामनाएं दीं, बल्कि काशीपुर के विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि काशीपुर के लिए यह गौरव का क्षण है कि पहली बार कोई मुख्यमंत्री रंगोत्सव के अवसर पर जनता के बीच उपस्थित होकर होली मना रहा है। उन्होंने कहा कि धामी का शांत स्वभाव और उत्तराखंड के विकास के लिए उनके मजबूत निर्णय प्रदेश को नई दिशा दे रहे हैं। महापौर ने कहा कि सच्चा नेता वही है जो जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहे और मुख्यमंत्री धामी ने यह साबित किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में काशीपुर से अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि उनका बचपन और युवावस्था का लंबा समय इस क्षेत्र से जुड़ा रहा है। उन्होंने शहर की गलियों, पुराने बाजारों और बचपन की होली की यादें साझा कर भावनात्मक माहौल बना दिया। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का पर्व है।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी परंपराओं, लोकगीतों और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेज कर नई पीढ़ी तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर आज उन्हें ‘मिनी इंडिया’ जैसा प्रतीत हो रहा है, जहां हर समाज और वर्ग के लोग एक साथ उत्सव मना रहे हैं।

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि काशीपुर में 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। काशीपुर-रामनगर मार्ग को चार लेन में उन्नत करने के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है और 3 किलोमीटर लंबा मिनी बाईपास भी प्रारंभ हो चुका है।

उन्होंने बताया कि 150 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्य प्रगति पर हैं। साथ ही 1100 करोड़ रुपये की औद्योगिक हब परियोजना और 100 करोड़ रुपये की अरोमा पार्क परियोजना पर भी काम चल रहा है। शहर में बहुमंजिला पार्किंग और नए तहसील कार्यालय का निर्माण भी जारी है।

मुख्यमंत्री ने चैती मेले और क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें मानसखंड मंदिर कॉरिडोर से जोड़कर काशीपुर को आस्था और संस्कृति के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए धामी ने कहा कि उत्तराखंड सतत विकास लक्ष्यों में अग्रणी रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में केंद्र सरकार से प्रोत्साहन प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य देवभूमि उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व समाज को जोड़ने, मतभेद भुलाने और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। रंग, उत्साह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस रंगोत्सव ने काशीपुर में उल्लास और एकता का अनूठा दृश्य प्रस्तुत किया।

इससे पूर्व महापौर दीपक बाली द्वारा निजी तौर पर आयोजित इस “रंगोत्सव” कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक-संस्कृति को आगे बढ़ाते आ रहे लोक गायक इंदर आर्या, गोविंद दिगारी, खुशी जोशी, पूर्वांचल के गायक आलोक कुमार के अतिरिक्त फूलों की होली के लिए विख्यात ब्रज के रास कलाकारों की लोक परंपराओं पर आधारित होली गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समा बांध दिया। मुख्य चौराहे से लेकर नगर निगम प्रांगण स्थित कार्यक्रम आयोजन स्थल तक विविध सांस्कृतिक रंगों से सजे इस आयोजन में पारंपरिक लोकधुनों पर मुख्यमंत्री श्री धामी भी ब्रज के रास कलाकारों और होल्यारों के साथ झूमते नजर आए, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और आत्मीयता का वातावरण और भी प्रफुल्लित हो उठा।

समारोह में स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की, जिससे यह आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता में एकता तथा सामाजिक सहभागिता की भावना का जीवंत उदाहरण बना, जिसने आपसी सौहार्द्र और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, जसपुर के कांग्रेस विधायक आदेश चौहान, रुद्रपुर के विधायक शिव अरोरा जसपुर के पूर्व विधायक डा शैलेंद्र मोहन सिंघल भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल, उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव सिंह नामधारी पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश सचिव गुंजन सुखीजा, रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा, काशीपुर की प्रथम महिला उर्वशी दत्त बाली, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती चंद्रप्रभा महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती सायरा बानो श्रीमती मुक्ता सिंह, पंकज टंडन, अमन बाली, मुकेश चावला, प्रमोद मिश्रा, राशिद फारूकी, महेश अग्रवाल, सादिक हुसैन, पार्षद बीना नेगी, चौधरी समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी, मदन मोहन पंत, संजय भाटिया, सीमा चौहान, मंजू यादव, गूलरभोज के अध्यक्ष सतीश चुघ, कायस्थ सभा के अध्यक्ष अभिताभ सक्सेना एडवोकेट, उद्यमी अश्वनी छाबड़ा, पार्षद पुष्कर बिष्ट, महेंद्र खुराना, विकास जिंदल, केपी सिंह, पार्षद सुरेश सैनी, मनोज बाठला, बांके गोयंका, संजय अग्रवाल, ब्राह्मी गोयल, अंशुल जिंदल, विनीत सेंगर, अजय चाहल, सुधा शर्मा, मुकेश पाहवा, दिलीप मेहरोत्रा, सुधा राय मोनिका गुप्ता प्रेमलता मनजीत सिंह राज दीपिका मधुर वेद प्रकाश तिवारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद कुमार कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर अमरजीत सिंह साहनी सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट सहित तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

बरसाना-नंदगांव में रंगों की धूम: लड्डू होली के साथ ब्रज में लट्ठमार उत्सव की शुरुआत, देखिए वीडियो

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (25 फरवरी 2026) मथुरा/बरसाना। ब्रजमंडल में वसंत पंचमी …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-