एयरफोर्स का हरक्यूलिस विमान रनवे से फिसलकर एयरपोर्ट के पास एक व्यस्त एवेन्यू पर जा गिरा और जोरदार धमाके के साथ क्रैश हो गया। हादसे के समय क्षेत्र में खराब मौसम बताया जा रहा है, जिसे दुर्घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
@शब्द दूत ब्यूरो (28 फरवरी 2026)
बोलिविया। दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया की राजधानी ला पाज के पास स्थित एल अल्टो शहर में एक बड़ा विमान हादसा हो गया। बोलीवियन एयरफोर्स का लॉकहीड हरक्यूलिस C-130 सैन्य विमान टेकऑफ के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार एयरफोर्स का हरक्यूलिस विमान रनवे से फिसलकर एयरपोर्ट के पास एक व्यस्त एवेन्यू पर जा गिरा और जोरदार धमाके के साथ क्रैश हो गया। हादसे के समय क्षेत्र में खराब मौसम बताया जा रहा है, जिसे दुर्घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सैन्य विमान सांताक्रूज से उड़ान भरकर एल अल्टो पहुंचा था। विमान देश के विभिन्न हिस्सों में वितरण के लिए नए छपे बैंक नोट लेकर जा रहा था। क्रैश के बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में नोट बिखर गए, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कुछ लोग घटनास्थल पर गिरे नोट उठाने की कोशिश करते भी दिखाई दिए।
हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और विमान का मलबा बड़े इलाके में फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही बोलीवियन एयरफोर्स और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। भीड़ को नियंत्रित करने और राहत कार्य में बाधा हटाने के लिए प्रशासन को पानी की बौछारों का सहारा लेना पड़ा।
दुर्घटना के बाद एल अल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
हालांकि बोलीवियन एयरफोर्स की ओर से अब तक हादसे के कारण और मृतकों की आधिकारिक संख्या को लेकर अंतिम पुष्टि नहीं की गई है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सभी मृतक विमान में सवार थे या सड़क पर मौजूद नागरिक भी इस हादसे का शिकार हुए हैं।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal