@शब्द दूत ब्यूरो (16 फरवरी 2026)
काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित एस सी गुड़िया इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड लॉ कॉलेज के 120 विद्यार्थियों ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट काशीपुर द्वारा आयोजित एनुअल एंटरप्रेन्योरशिप समिट “उतिष्ठा 2026” में प्रतिभाग कर उद्यमिता के विविध आयामों को समझा।
संस्थान की प्राचार्य डॉ. निमिषा अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार के कृषि मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस समिट में विद्यार्थियों को सफल उद्यमियों से सीधे संवाद का अवसर मिला। कार्यक्रम में आमंत्रित तीन महिला मुख्य वक्ताओं, जो स्वयं सफल उद्यमी हैं, ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रतिस्पर्धा के इस दौर में महिलाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि आज के समय में महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्वकारी भूमिका निभा रही हैं और उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं। विद्यार्थियों ने उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए स्टार्टअप, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और प्रबंधन कौशल जैसे महत्वपूर्ण गुणों को सीखा।
गौरतलब है कि एस सी गुड़िया आईएमटी के विद्यार्थी नियमित रूप से आईआईएम काशीपुर में आयोजित विभिन्न वर्कशॉप्स और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रतिभाग करते रहते हैं। संस्थान की प्रबंध समिति का सतत प्रयास है कि विद्यार्थियों को ऐसे मंच उपलब्ध कराए जाएं, जहां वे प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में अपने कौशल का विकास कर सकें।
वर्कशॉप से लौटे विद्यार्थी अत्यंत उत्साहित नजर आए। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक, प्राचार्य एवं सभी पाठ्यक्रमों की फैकल्टी सदस्य भी उपस्थित रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

