एसओजी टीम ने कथित रूप से एक कबाड़ी से 30 हजार रुपये वसूले। आरोप यह भी है कि जब्त की गई धातु को वापस करने के बदले टीम ने 40 हजार रुपये की मांग की, जबकि धातु की कुल कीमत ही लगभग 40 हजार रुपये बताई जा रही थी।
@शब्द दूत ब्यूरो (16 फरवरी 2026)
संभल। जिले में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पूरी एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) टीम को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी समेत कुल आठ पुलिसकर्मी शामिल हैं। टीम पर एक कबाड़ी से अवैध वसूली करने और उसका कबाड़ रोकने का गंभीर आरोप लगा था।
मिली जानकारी के अनुसार, एसओजी टीम ने कथित रूप से एक कबाड़ी से 30 हजार रुपये वसूले। आरोप यह भी है कि जब्त की गई धातु को वापस करने के बदले टीम ने 40 हजार रुपये की मांग की, जबकि धातु की कुल कीमत ही लगभग 40 हजार रुपये बताई जा रही थी। पीड़ित द्वारा मामले की शिकायत सीधे एसपी से की गई।
शिकायत मिलने के बाद एसपी ने मामले की जांच कराई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से पूरी टीम को निलंबित कर दिया गया।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में एसओजी प्रभारी एसआई मोहित चौधरी, हेड कांस्टेबल कुलवंत और अरशद, कांस्टेबल अजनबी, आयुष, विवेक, बृजेश और हिरेश शामिल हैं।
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं, एसओजी का नया प्रभारी बोबिंद्र शर्मा को नियुक्त किया गया है। मामले की विभागीय जांच आगे भी जारी रहेगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

