@शब्द दूत ब्यूरो (15 फरवरी 2026)
काशीपुर। आर्य समाज काशीपुर द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ऋषि बोध पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। तीर्थ द्रोणसागर स्थित श्री मद दयानंद आश्रम की भव्य यज्ञशाला में आयोजित कार्यक्रम में हवन-पूजन के साथ आध्यात्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
समाज के उपसचिव एवं प्रचार सचिव विकल्प गुड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि हवन के यजमान प्रधान अतुल रस्तोगी, विजय कुमार शर्मा तथा अवध अग्रवाल सापत्नीक रहे। यज्ञ को स्वामी वेदानन्द सरस्वती एवं टेक चंद्र जी ने वैदिक मंत्रोच्चार और ओजस्वी प्रवचनों के साथ संपन्न कराया।
इस अवसर पर महर्षि दयानंद द्वारा दिए गए संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने उनके विचारों को आज के समय में प्रासंगिक बताते हुए समाज सुधार, शिक्षा और वैदिक परंपराओं के प्रसार पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान भजन, गीत और उपदेश प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के अंत में स्वल्पाहार एवं प्रसाद वितरण किया गया। बड़ी संख्या में आर्य समाज के पदाधिकारी, महिला आर्य समाज की सदस्याएं तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर प्रधान अतुल रस्तोगी एवं महिला आर्य समाज की प्रधान श्रीमती शशि प्रभात सिंघल ने सभी को ऋषि बोध पर्व की शुभकामनाएं दीं और स्वामी दयानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

