@शब्द दूत ब्यूरो (10 फरवरी 2026)
नैनीताल। बाल श्रमिकों के जीवन संघर्ष और उनकी भावनाओं को बेहद संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करने वाली फिल्म ‘कन्नू’ दर्शकों के दिलों को छू रही है। इस फिल्म का लेखन और निर्देशन प्रसिद्ध फिल्मकार संजय सनवाल ने किया है। मूल रूप से नैनीताल निवासी संजय सनवाल वर्तमान में मुंबई में रहकर फिल्म निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय हैं।
फिल्म ‘कन्नू’ की शूटिंग पूरी तरह से उत्तराखंड के नैनीताल क्षेत्र में की गई है, जिससे पहाड़ की प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय जीवनशैली पर्दे पर जीवंत दिखाई देती है। फिल्म में नैनीताल के वरिष्ठ और अनुभवी कलाकारों ने सशक्त अभिनय किया है, जिनमें अनिल घिल्डियाल , राजेश आर्या और बलजिंदर कौर प्रमुख हैं।
अपनी विषयवस्तु, निर्देशन और अभिनय के दम पर फिल्म को देश–विदेश में कई पुरस्कार और सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। ‘कन्नू’ का प्रदर्शन अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जापान, श्रीलंका, दुबई, मस्कट और बांग्लादेश सहित कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में किया गया, जहां इसे दर्शकों और समीक्षकों से सराहना मिली।
वहीं भारत में भी यह फिल्म मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, शिमला, देहरादून, नवादा (बिहार) समेत अनेक शहरों के फिल्म फेस्टिवलों में प्रदर्शित की जा चुकी है। सामाजिक सरोकारों से जुड़ी यह फिल्म न केवल मनोरंजन करती है, बल्कि बाल श्रम जैसे गंभीर मुद्दे पर समाज को सोचने के लिए भी मजबूर करती है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

