@शब्द दूत ब्यूरो (09 फरवरी 2026)
काशीपुर। उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लू भावनात्मक और उल्लासपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नगर निगम महापौर दीपक बाली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, पूर्व छात्रों एवं गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
विदाई समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर दीपक बाली द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र हीरा कश्यप के भावपूर्ण संबोधन से हुई, जिसमें उन्होंने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय में बिताए गए पलों को जीवन की अमूल्य धरोहर बताया। कविता और गीतों के माध्यम से उन्होंने साथियों और उपस्थितजनों को भावुक कर दिया।
महापौर दीपक बाली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर परिश्रम सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षा न केवल व्यक्ति को सफल बनाती है, बल्कि उसे एक जिम्मेदार और अच्छा नागरिक भी बनाती है। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों से पढ़कर भी ऊंचे मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।
समारोह को और यादगार बनाते हुए विद्यालय की 11वीं कक्षा के छात्रों द्वारा आर्केस्ट्रा पार्टी और डीजे का आयोजन किया गया, जिस पर छात्र-छात्राओं ने जमकर नृत्य और संगीत का आनंद लिया। विद्यालय के पूर्व छात्र अज्जू प्रिंस तथा अध्ययनरत छात्र अनस ने “खामोशियां”, “संयारा”, “कैसे हुआ”, “वो लम्हें” जैसे गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे प्रांगण को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के पूर्व छात्र एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों—छावनी चिल्ड्रन एकेडमी के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार सपरा, ज्ञानार्थी कॉलेज एकेडमी के डायरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा, समरस्टडी स्कूल के प्रधानाचार्य अनुज भाटिया, मास्टर इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक डॉ. गौरव गर्ग तथा के.पी.एस. स्कूल के प्रधानाचार्य पी.सी. तिवारी अमित कुमार शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर विद्यालय गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। गौरतलब है ये सभी शिक्षाविद उदयराज कालेज के ही छात्र रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने अपने कालेज के दौरान के संस्मरण भी मौजूद छात्रों से साझा किये।
विदाई अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार गुप्ता ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बोर्ड परीक्षार्थियों को सर्वोच्च अंकों के साथ सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन पंकज अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर प्रबंध कार्यकारिणी उपमंत्री संजय अग्रवाल, सदस्य मनोज कुमार अग्रवाल, अभिषेक गोयल, कपिल अग्रवाल, वरिष्ठ प्रवक्ता मेजर मुनीशकांत शर्मा, रोशन लाल वर्मा, महेश चंद्र आर्या, मनोज शर्मा, रणधीर सिंह, कौशलेश गुप्ता, सुनील कुमार उपाध्याय, कपिल भारद्वाज, जयदीप सिंह, अनिल कुमार सिंह, पंकज तिवारी, रमेश कुमार पांडेय, पूनम चंयाल, कल्पना नौडियाल, मनीषा चौहान, रंजना चौहान, नीलम सूंठा, एकता अग्रवाल, नीतू श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ, जहां विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय जीवन की यादों को संजोते हुए भविष्य की नई उड़ान के लिए कदम बढ़ाए।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

