@शब्द दूत ब्यूरो (03 फरवरी 2026)
उत्तराखंड की लोक-संस्कृति, रिश्तों और पहाड़ी जीवन के संघर्षों को सजीव रूप में प्रस्तुत करती शॉर्ट फ़िल्म ‘ऐना (AINA)’ का ट्रेलर 6 फरवरी को शाम छह बजे यू ट्यूब पर रिलीज किया जायेगा। सिद्धि सिने उत्तराखंड के बैनर तले बनी यह फ़िल्म “A Tale from the Heart of the Himalayas” टैगलाइन के साथ दर्शकों के सामने आई है, जो हिमालय की गोद में पनपी एक सच्ची और संवेदनशील कहानी को बयान करती है।
फ़िल्म में वीरेंद्र पुंडियाल, अंकिता परिहार, हेमंत पांडे, गोपा नयाल, राधा तिवारी और भुवन चंद्र जोशी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे, वहीं बाल कलाकार भावेश भट्ट ने भी प्रभावशाली भूमिका निभाई है।
फ़िल्म की निर्माता पूजा सिंह हैं, जबकि कहानी, पटकथा और निर्देशन की जिम्मेदारी जगदीश तिवारी ने संभाली है।
फ़िल्म की सिनेमैटोग्राफी कुलदीप रावत, संपादन गिरीश वर्मा, संगीत रणजीत सिंह और गीत जगदीश तिवारी द्वारा रचित हैं। पार्श्व गायन में दीवान कंवल और डॉ. अजय धोंडियाल की आवाज़ सुनने को मिलेगी। कला निर्देशन बसंत धारिवाल, परिधान व आभूषण गोपा नयाल एवं राधा तिवारी, जबकि मेकअप सोनाली द्वारा किया गया है।
फ़िल्म की शूटिंग उत्तराखंड के खूबसूरत और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध क्षेत्रों शीतलाखेत, रानीखेत, अल्मोड़ा, बसार, भटगल भट्ट गांव, काठपुडिया बाजार और मां स्याही देवी मंदिर सहित कई लोकेशनों पर की गई है, जो फ़िल्म को एक प्रामाणिक पहाड़ी स्वरूप प्रदान करते हैं।
निर्माताओं ने उत्तराखंड फ़िल्म डेवलपमेंट काउंसिल (UFDC) सहित अनेक स्थानीय संस्थाओं, ग्राम प्रधानों, शिक्षकों, ग्रामीणों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है, जिनके सहयोग से यह परियोजना साकार हो सकी।
फ़िल्म ऐना का ट्रेलर दर्शकों को भावनाओं, रिश्तों और पहाड़ की आत्मा से जोड़ने का सशक्त प्रयास है, जिसे सोशल मीडिया और यूट्यूब पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

