@शब्द दूत ब्यूरो (01 फरवरी 2026)
मुंबई। हिमालय की पृष्ठभूमि पर आधारित संवेदनशील सामाजिक विषय को सशक्त ढंग से प्रस्तुत करने वाली शॉर्ट फ़िल्म “ऐना ” ने भारत इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल 2025–26 (BIFF) में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। फ़िल्म को Best Heartfelt Social Drama (Short Film Category) के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाज़ा गया।
इसी गौरवपूर्ण अवसर पर फ़िल्म ऐना का टीज़र एवं फर्स्ट पोस्टर भी आधिकारिक रूप से लॉन्च किया गया, जिसे दर्शकों और फ़िल्म जगत से जुड़ी हस्तियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान फ़िल्म को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया ने टीम का उत्साह और बढ़ा दिया।
फ़िल्म की निर्मात्री पूजा सिंह ने कहा कि “ऐना केवल एक फ़िल्म नहीं, बल्कि आज के समाज की सच्चाइयों का आईना है। यह सम्मान हमारी पूरी टीम के लिए प्रेरणा है कि हम सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कहानियों को लगातार सामने लाते रहें।”
फ़िल्म के लेखक एवं निर्देशक जगदीश तिवारी ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि “AINA एक सामूहिक रचनात्मक प्रयास का परिणाम है। यह फ़िल्म समाज के एक अत्यंत संवेदनशील विषय को पूरी ईमानदारी से सामने लाती है। पूरी टीम ने इस कहानी को दिल से जिया है।”
उन्होंने फ़िल्म की निर्मात्री, स्टार कास्ट, तकनीकी टीम तथा प्री-प्रोडक्शन से लेकर पोस्ट-प्रोडक्शन तक जुड़े सभी सहयोगियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
फ़ेस्टिवल के दौरान फ़िल्म के मुख्य अभिनेता वीरेंद्र पुंडियाल की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया। उनके सशक्त और प्रभावशाली अभिनय को समीक्षकों एवं दर्शकों ने विशेष सराहना दी।
उल्लेखनीय है कि शॉर्ट फ़िल्म ऐना इससे पहले भी कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म फ़ेस्टिवल्स में चयनित हो चुकी है। हाल ही में फ़िल्म को कांस फिल्म फेस्टिवल ( फ्रांस के लिए चयन की सूचना भी प्राप्त हुई है। साथ ही विभिन्न देशों से फ़िल्म की अलग-अलग भाषाओं में डबिंग राइट्स की मांग सामने आना इसकी बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है।
भारत इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल के आयोजकों ने ऐना को “सिनेमा के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाली एक प्रभावशाली फ़िल्म” बताते हुए इसके विषय और प्रस्तुति की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

