@शब्द दूत ब्यूरो (27 जनवरी 2026)
उत्तरकाशी। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर पुलिस लाइन ज्ञानसू, उत्तरकाशी में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम देशभक्ति और उत्साह के वातावरण से सराबोर रहा। इस दौरान उपनिरीक्षक निखिल देव चौधरी (प्रभारी चौकी भटवाड़ी) ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उपनिरीक्षक निखिल देव चौधरी की भावपूर्ण गायकी ने समारोह में मौजूद पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के हृदय में देशप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया। गीत के माध्यम से उन्होंने राष्ट्र के प्रति समर्पण, बलिदान और एकता का संदेश दिया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने तालियों के साथ सराहा।
कार्यक्रम में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की गईं। अधिकारियों ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संविधान की गरिमा और कर्तव्यों के निर्वहन का आह्वान किया।
समारोह के अंत में सभी ने एकजुट होकर देश की एकता, अखंडता और संविधान के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया। पुलिस लाइन ज्ञानसू में आयोजित यह कार्यक्रम देशभक्ति की यादगार मिसाल बनकर उभरा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

