@शब्द दूत ब्यूरो (14 दिसंबर 2025)
नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने नितिन नबीन को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे अब जेपी नड्डा की जगह भाजपा की जिम्मेदारी संभालेंगे।
बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा के पार्लियामेंट्री बोर्ड के इस फैसले की जानकारी राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी। 2024 लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था। तब से नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश की जा रही थी। नड्डा 2020 में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए थे। बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष उनका कार्यकाल जून 2024 को खत्म हो चुका है। तब से वे एक्सटेंशन पर थे।
पीएम मोदी ने भी नितिन नबीन को बधाई दी है। उन्होंने X पोस्ट में लिखा- नितिन नबीन ने एक मेहनती कार्यकर्ता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे एक युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास समृद्ध संगठनात्मक अनुभव है। बिहार में वे कई कार्यकालों तक विधायक और मंत्री के रूप में अपनी प्रभावशाली सेवाएं दे चुके हैं। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
