@शब्द दूत ब्यूरो (28 अक्टूबर 2025)
काशीपुर। शहर में सरकारी विभागों की अनदेखी का ऐसा नजारा सामने आया है जो हैरान कर देने वाला है। मौ कटोराताल स्थित आई हॉस्पिटल रोड पर बिजली के खंभे की “पानी से सिंचाई” हो रही है। पिछले कई महीनों से यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन न तो जल संस्थान ने टूटी पाइपलाइन की मरम्मत की और न ही विद्युत विभाग ने ध्यान देना जरूरी समझा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पीने के साफ पानी की सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे पानी लगातार बहकर बिजली के खंभे तक पहुंच रहा है। इससे न केवल कीमती पेयजल बर्बाद हो रहा है बल्कि बिजली के खंभे में करंट आने की आशंका से आसपास के लोगों की जान को भी खतरा बना हुआ है।
निवासियों ने बताया कि कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं, लगातार पानी के रिसाव से घरों में पहुंचने वाला पेयजल भी अशुद्ध हो गया है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
जनता अब जिम्मेदार विभागों से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रही है ताकि न केवल पेयजल की बर्बादी रुके बल्कि संभावित खतरे से भी राहत मिले।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

