Breaking News
.

आपदा राहत कार्यों की समीक्षा के लिए उत्तराखंड पहुंचे प्रधानमंत्री, 1200 करोड़ की मदद दी,सीएम धामी ने जताया आभार, देखिए वीडियो

@शब्द दूत ब्यूरो (11 सितंबर 2025)

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को उत्तराखंड पहुंचकर हालिया प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया और आपदा राहत कार्यों की गहन समीक्षा की। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित सांसदों एवं वरिष्ठ अधिकारियों से आपदा से हुए नुकसान, राहत एवं बचाव अभियानों और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।

पीएम मोदी ने राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करते हुए राज्य को 1200 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने इस कठिन समय में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों के लिए 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि घोषित की।

साथ ही बाढ़ और भूस्खलन में अनाथ हुए बच्चों के लिए पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत दीर्घकालिक सहायता का ऐलान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पुनर्निर्माण और राहत कार्यों के लिए बहुआयामी दृष्टिकोण अपनाया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घरों का पुनर्निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्गों और स्कूलों का पुनर्निर्माण, प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री और पशुओं के लिए मिनी किट प्रदान करना शामिल है। केंद्र सरकार ने नुकसान का आकलन करने के लिए पहले ही अंतर-मंत्रालयी दल भेज दिए हैं जिनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की सहायता पर विचार किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और कहा कि केंद्र और राज्य मिलकर इस आपदा से उबरने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, प्रशासन और आपदा मित्र स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार स्थिति की गंभीरता को समझती है और सभी आवश्यक कदम उठाएगी।

प्रधानमंत्री ने धराली, थराली समेत राज्य के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की सराहना की और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा राज्य सरकार के कर्मचारियों से मुलाकात कर उनके अनुभव साझा किए। उन्होंने आपदा पीड़ितों से भी भेंट कर ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में आपदा से हुई क्षति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में केंद्र सरकार के सहयोग से त्वरित राहत पहुंचाई गई है। सड़कों और सार्वजनिक परिसंपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिनकी बहाली युद्धस्तर पर जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर पीड़ितों को हर संभव मदद उपलब्ध करा रही हैं।

इस मौके पर सांसद अजय भट्ट, त्रिवेंद्र सिंह रावत, अनिल बलूनी, माला राज्यलक्ष्मी शाह, नरेश बंसल, कल्पना सैनी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए घोषित राहत पैकेज हेतु प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड में आई प्राकृतिक आपदा से निपटने में राज्य सरकार पूरी क्षमता से प्रयास कर रही है और इस कार्य में पहले दिन से ही केंद्र सरकार का सहयोग मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं उत्तराखंड आकर आपदा पीड़ितों का दुख-दर्द साझा किया है, इसके लिए राज्य की जनता उनकी आत्मीयता और संवेदनशीलता की आभारी है।”

 

Check Also

काशीपुर की बेटी शिखा बिस्ला की एकल कला प्रदर्शनी ‘ज़िक्र’ ने अंतर्राष्ट्रीय कला मंच पर रच दिया इतिहास

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (10 फरवरी 2026) नई दिल्ली |काशीपुर की बेटी …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-