@शब्द दूत ब्यूरो (06 सितंबर 2025)
रुद्रपुर। महापौर विकास शर्मा के निर्देश पर नगर निगम ने शनिवार को भू माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए किच्छा रोड हाईवे पर कल्याणी नदी पुल के पास करीब दो एकड़ बेशकीमती नजूल भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। नगर निगम की टीम पुलिस बल और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची और अवैध पक्के निर्माण ध्वस्त करने के साथ ही अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त कर लिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। निगम की टीम ने जमीन को सुरक्षित करने के लिए पिलर लगाकर कब्जे में ले लिया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चल रहे ‘लैंड जिहाद विरोधी अभियान’ का हिस्सा है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि शहर में कहीं भी अतिक्रमण या अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो लोग सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बैठे हैं, वे स्वेच्छा से खाली कर दें अन्यथा प्रशासन न केवल भूमि कब्जे से मुक्त कराएगा बल्कि कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। महापौर ने बताया कि कब्जाई गयी भूमि को जल्द ही जनकल्याणकारी कार्यों में उपयोग लाने के लिए बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाया जाएगा।
गौरतलब है कि यह भूमि कई वर्षों से भू माफियाओं के कब्जे में थी। अतिक्रमणकारियों ने मंदिर की आड़ में जमीन पर कब्जा जमाया और भोले-भाले लोगों को गुमराह करके इसका कुछ हिस्सा बेच भी दिया। मामला अदालत तक पहुंचा और लंबी कानूनी लड़ाई के बाद न्यायालय ने नगर निगम के पक्ष में फैसला सुनाया। अदालत के आदेश के बाद शनिवार को नगर निगम आयुक्त नरेश दुर्गापाल, पुलिस बल और निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। निगम की टीम ने यह भी सुनिश्चित किया कि स्थल पर स्थित मंदिर को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाए।
नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने कहा कि यह भूमि लंबे समय से विवादित थी। भू माफियाओं ने न्यायालय को गुमराह कर स्टे ऑर्डर भी ले लिया था और दूसरी ओर लोगों को जमीन बेच दी थी। हाल ही में इस भू माफिया के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी की गई थी। उन्होंने कहा कि नजूल भूमि पर किसी भी दशा में कब्जा बर्दाश्त नहीं होगा चाहे कब्जेदार कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
कार्रवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और इसे नगर निगम की बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि करोड़ों की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराना एक सराहनीय कदम है और जिला प्रशासन इस तरह की सभी कार्रवाइयों में नगर निगम के साथ खड़ा है। मौके पर तहसीलदार दिनेश कुमार सहित नगर निगम की टीम और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
इस अभियान से साफ हो गया है कि शहर में लैंड जिहाद और भू माफियाओं के खिलाफ निगम और जिला प्रशासन की सख्ती आगे भी जारी रहेगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

