@शब्द दूत ब्यूरो (04 सितंबर 2025)
काशीपुर। शहर की जनता को हो रही दिक्कतों को लेकर महापौर दीपक बाली ने संज्ञान लिया है। उन्होंने शहर की जर्जर सर्विस रोड और जलभराव की गंभीर समस्या को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) हल्द्वानी कार्यालय और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) काशीपुर को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
महापौर ने कहा कि काशीपुर के मुख्य चौराहे पर बने फ्लाईओवर के दोनों ओर की सर्विस रोड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। साथ ही यहां स्थित नाले भी निष्क्रिय पड़े हैं, जिसके चलते बारिश के दौरान जलभराव हो जाता है और दुकानदारों, राहगीरों व आसपास की बस्तियों के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
महापौर ने पीडब्ल्यूडी काशीपुर कार्यालय को लिखे पत्र में गुरुद्वारा रोड स्थित एक रिसॉर्ट के सामने पानी निकासी के संकरे मार्ग को चौड़ा करने की मांग की है, ताकि ढेला नदी तक पानी की सुचारू निकासी हो सके और बस्तियों में जलभराव न हो। उन्होंने मानपुर रोड पर स्टेडियम रोड से मानपुर तिराहा होते हुए गैबिया नहर तक दोनों ओर नाले बनाने की आवश्यकता जताई है। उनका कहना है कि यहां तीन से चार फीट तक पानी भर जाने से न सिर्फ आवागमन प्रभावित होता है बल्कि वार्ड संख्या 35, 39 और 40 के नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
महापौर ने विभाग को यह भी अवगत कराया कि मानपुर रोड पर पहले से बने नालों पर अतिक्रमण कर उन्हें ढक दिया गया है, जिससे सफाई न होने पर जलभराव की समस्या और बढ़ गई है। उन्होंने मांग की कि इन नालों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। दीपक बाली ने दोनों विभागों से अपेक्षा जताई कि वे जनहित में शीघ्र आवश्यक कार्यवाही कर उन्हें भी अवगत कराएं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

