@शब्द दूत ब्यूरो (20 अगस्त 2025)
काशीपुर। श्री श्री 1008 परमअमहंत श्री गंगे बाबा जी महाराज की कृपा एवं श्री श्री 1008 श्रीमान श्री महंत ब्रह्मानंदजी महाराज के सानिध्य में श्री गंगे बाबा मंदिर उदासीन आश्रम में इस वर्ष भी श्री गणेश महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। वृंदावन के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत होने वाली श्रीकृष्ण रासलीला इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगी।
महोत्सव के कार्यक्रम 27 अगस्त से प्रारंभ होंगे और 9 सितंबर 2025 तक चलेंगे। आयोजकों ने बताया कि 27 अगस्त को बुधवार दोपहर श्री गणेश जी का आगमन होगा तथा उसी दिन शाम 8 बजे से श्रीकृष्ण जी की रासलीला का शुभारंभ किया जाएगा। 31 अगस्त को रविवार के दिन श्री राधारानी जन्मोत्सव मनाया जाएगा, जबकि 1 सितंबर को सोमवार के दिन श्री चन्द्र भगवान जन्मोत्सव होगा। 5 सितंबर को शुक्रवार को फूलों की होली का आयोजन होगा। इसके बाद 7 सितंबर रविवार को सुबह 10 बजे श्री गणेश मूर्ति विसर्जन किया जाएगा। 9 सितंबर मंगलवार को दोपहर में विशाल भंडारा आयोजित होगा।
महोत्सव के आयोजक महंत श्री लक्ष्मणदास जी महाराज ने बताया कि इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि रासलीला और धार्मिक कार्यक्रमों की इस श्रृंखला से भक्तों को अध्यात्मिक आनंद की अनुभूति होगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

