@शब्द दूत ब्यूरो (11 अगस्त 2025)
देहरादून। भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों पर बड़ी संख्या में पार्टी प्रत्याशियों की निर्विरोध जीत को जनता के भरोसे और सीएम पुष्कर सिंह धामी की विकास नीति की बड़ी स्वीकृति बताया है।
प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा—
> “गाँवों में अब विकास का ट्रिपल इंजन लग चुका है। यह जीत जनता की खुशहाली और क्षेत्रीय विकास के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता की मुहर है।”
उन्होंने नामांकन के दिन ही पार्टी प्रत्याशियों की जीत को बहुप्रत्याशित करार देते हुए कहा कि ग्रामीण मतदाताओं ने साफ संदेश दिया है— वे केवल विकास को ही वोट देंगे। इसी का नतीजा है कि कई जिलों और ब्लॉकों में भाजपा उम्मीदवारों के सामने कोई नामांकन ही नहीं हुआ।
निर्विरोध जीते जिला पंचायत अध्यक्षों में उत्तरकाशी से रमेश चौहान, पिथौरागढ़ से जितेंद्र प्रसाद, उधम सिंह नगर – अजय मौर्या, चंपावत – आनंद सिंह अधिकारी शामिल हैं।
निर्विरोध जीते ब्लॉक प्रमुखों में अंचला बोरा (चंपावत), चंद्रप्रभा (काशीपुर), उपकार सिंह (सितारगंज), सरिता राणा (खटीमा), ममता पंवार (भटवाड़ी), राजदीप परमार (डुंडा), राजेश नौटियाल (जाखणीधार), सुमन सजवाण (चंबा), नारायण ठाकुर (विकासनगर), लता देवी (पाबौ), मीनाक्षी आर्य (ताकुला) हैं।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि पार्टी की यह जीत गाँवों में खुशहाली की रफ्तार को और तेज करेगी। उन्होंने बताया कि सभी 12 जिला पंचायत अध्यक्ष और 83 ब्लॉक प्रमुख पदों पर भाजपा ने अधिकृत प्रत्याशी उतारे हैं, और शेष सीटों पर भी जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति पर अमल जारी है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal