@शब्द दूत ब्यूरो (04 अगस्त 2025)
लंदन। ब्रिटेन के हैरो इलाके से एक वीडियो सामने आया है जिसमें सड़कों, दीवारों और कूड़ेदानों पर पान-गुटखे की लाल छींटें साफ़ दिखाई दे रही हैं। इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह सार्वजनिक स्थानों को गंदा किया गया है, और सोशल मीडिया यूज़र्स इसके लिए सीधे तौर पर भारतीय मूल के लोगों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
दरअसल, भारत में पान-गुटखा खाने की आदत आम है और कई बार यह सार्वजनिक स्थानों पर थूकने की आदत में भी बदल जाती है। लंदन जैसे सख्त कानून व्यवस्था वाले शहर में भी अब इसी तरह के दृश्य सामने आना स्थानीय नागरिकों को खल रहा है। कई यूज़र्स ने वीडियो शेयर करते हुए तीखे कमेंट किए। एक यूज़र ने लिखा – “भारतीय अपना काम कर रहे हैं।”
हैरानी की बात यह है कि जिस हैरो क्षेत्र में यह वीडियो रिकॉर्ड किया गया, वह भारतीय मूल के निवासियों की घनी आबादी वाला क्षेत्र माना जाता है। इसे देखते हुए सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने सभी भारतीयों को एक ही लाठी से हांकने की कोशिश भी की है। हालांकि, कई अन्य लोगों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि किसी एक समुदाय को पूरी तरह दोष देना उचित नहीं।
स्थानीय प्रशासन ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि वे इस गंदगी को साफ करने के लिए टीम भेज रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज के जरिए दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने या गंदगी फैलाने पर भारी जुर्माना लगाए जाने की चेतावनी दी गई है।
लंदन में यह घटना एक बार फिर प्रवासियों के व्यवहार और स्थानीय संस्कृति में सामंजस्य के मुद्दे को चर्चा में ले आई है। भारत से गए शिक्षित और जिम्मेदार नागरिकों से यह अपेक्षा की जाती है कि वे विदेश में भी वही अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखें, जो वे अपने देश में अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal