@शब्द दूत ब्यूरो (21 जुलाई 2025)
काशीपुर। नगर के बीचोंबीच स्थित ऐतिहासिक पंत पार्क में देश के प्रथम गृह मंत्री और भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा उपेक्षा और शरारती तत्वों की करतूतों का शिकार हो रही है। जिस महान विभूति के नाम पर इस पार्क का नामकरण हुआ, आज उनकी प्रतिमा के संरक्षण की स्थिति दयनीय बनी हुई है।
प्रतिमा के सिर पर लगी छतरी का बेस पूरी तरह से टूटा हुआ है और उनके हाथ की लाठी भी आधी गायब है। पार्क में आने-जाने वाले स्थानीय नागरिकों के अनुसार, देर रात्रि तक यहां कुछ असामाजिक और नशेड़ी किस्म के लोगों का जमावड़ा लगा रहता है, जो पार्क की मर्यादा और स्वच्छता के लिए खतरा बन चुके हैं।
हालांकि, पार्क की समग्र सफाई व्यवस्था बेहतर है और फूलों की फुलवारी भी आगंतुकों को आकर्षित करती है, लेकिन पार्क के दक्षिणी हिस्से का गेट टूटा हुआ है। वहीं पार्क के भीतर बने शौचालय की हालत भी खस्ताहाल है। पानी की व्यवस्था न होने के कारण शौचालय से बदबू उठ रही है, जिससे पूरा पार्क वातावरण प्रदूषित हो रहा है और इसकी सुंदरता फीकी पड़ रही है।
नगरवासियों को उम्मीद है कि काशीपुर के महापौर दीपक बाली, जो शहर के समग्र विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर निरंतर सक्रिय हैं, इस ऐतिहासिक पार्क की उपेक्षा को गंभीरता से लेते हुए पं. गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा का पुनः जीर्णोद्धार कराएंगे और पार्क को उसकी गरिमा के अनुरूप स्वरूप प्रदान करेंगे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal