यह सामूहिक आत्महत्या की घटना न केवल समाज को झकझोर देने वाली है, बल्कि यह भी सोचने को मजबूर करती है कि आज के समय में मानसिक और सामाजिक दबाव किस कदर लोगों को आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
@शब्द दूत ब्यूरो (20 जुलाई 2025)
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद जिले के बावला क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने सामूहिक रूप से आत्महत्या कर ली। बगोदरा बस स्टैंड के पास एक किराए के मकान में रह रहे विपुल कांजी वाघेला (32) ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों के साथ जहर खाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। यह परिवार मूल रूप से ढोलका के देविपुजक वास का निवासी था।
मृतकों की पहचान विपुल कांजी वाघेला, उनकी पत्नी सोनल वाघेला (26), 11 वर्षीय बेटी सिमरन, 8 वर्षीय बेटा मयूर और 5 वर्षीय प्रिंसी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी ने एक साथ किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। जब सुबह तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर पांचों को बेहोश अवस्था में पाया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल पर अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस, एलसीबी, एसओजी, एफएसएल और धंधुका के एएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। प्राथमिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है और न ही कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, जिसमें पारिवारिक कलह, आर्थिक तंगी या मानसिक तनाव जैसे कारण शामिल हो सकते हैं।
यह सामूहिक आत्महत्या की घटना न केवल समाज को झकझोर देने वाली है, बल्कि यह भी सोचने को मजबूर करती है कि आज के समय में मानसिक और सामाजिक दबाव किस कदर लोगों को आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal