@शब्द दूत ब्यूरो (16 जुलाई 2025)
काशीपुर। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। काशीपुर क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन एवं ख्वाहिश फाउंडेशन एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने न केवल हरियाली का संदेश दिया, बल्कि समाज सेवा और सामूहिक सहयोग की भावना को भी बल प्रदान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत ख्वाहिश फाउंडेशन द्वारा संचालित पशुशाला परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों के रोपण से हुई। इसके पश्चात वेदशाला, चैती मार्ग में अध्ययनरत 55 बच्चों को उपहार भेंट किए गए। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ने इस कार्यक्रम को और भी सार्थक बना दिया।
कार्यक्रम की तीसरी कड़ी स्वामी विवेकानंद उद्यान, आवास विकास में आयोजित की गई, जहां आंवला सहित अनेक औषधीय पौधों का रोपण कर हरेला पर्व के मूल उद्देश्य को एक गहराई दी गई।
इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से काशीपुर क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन के अध्यक्ष सर्वेश बंसल, उपाध्यक्ष गौरव गुप्ता, ख्वाहिश फाउंडेशन की अध्यक्षा सुश्री आयुषी नागर, उपाध्यक्ष वीरेंद्र गर्ग, मीडिया प्रमुख शशिकांत गुप्ता, महिला विभाग संयोजिका श्रीमती अर्चना लोहनी, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य केशव सिंह, पूर्व सीईओ अनिल पंत (KUCB Ltd.) और योगाचार्य एवं समाजसेवी डॉ. आर.सी. शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को विशेष बनाने वाली बात यह रही कि इसी दिन वीरेंद्र गर्ग की पोती कुमारी नाव्या गर्ग का जन्मदिन भी वेदशाला में बच्चों के साथ मिलकर धूमधाम से मनाया गया। इस आयोजन ने बच्चों को सामाजिक अपनापन और खुशी का एक अनूठा अनुभव दिया।
“पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” की थीम पर आधारित यह कार्यक्रम सिर्फ वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों में पर्यावरण चेतना, सामाजिक सहयोग और सेवा भावना को भी प्रोत्साहित करने वाला एक सार्थक प्रयास बन गया।
यह आयोजन न केवल शहरवासियों के लिए एक प्रेरणा बना, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि प्रकृति के संरक्षण में समाज की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal