@शब्द दूत ब्यूरो (15 जुलाई 2025)
पिथौरागढ़। राज्य के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में मंगलवार 15 जुलाई की शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब मुवानी से बोकटा की ओर जा रही एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और अधिकांश यात्रियों की मौके पर ही जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। राहत और बचाव कार्य में ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर मदद की। खाई में गिरे घायलों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। मरने वालों में दो स्कूली छात्र भी शामिल हैं। प्रशासन ने मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मुख्यमंत्री ने हादसे की जांच के निर्देश भी दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग अत्यंत संकरा और खतरनाक है। कई बार यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क सुधार या सुरक्षा के पर्याप्त उपाय नहीं किए गए हैं। वाहन की हालत और ओवरलोडिंग की भी जांच की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर से पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को न केवल सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार करना होगा, बल्कि यात्रियों और वाहन चालकों को भी सतर्क रहना होगा।
यह हृदयविदारक दुर्घटना राज्य के लिए एक चेतावनी है कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति, सुरक्षा मानकों और नियमित वाहन जांच को प्राथमिकता दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal