Breaking News

रामनगर :सीएम धामी ने जिम कार्बेट पार्क में जंगल सफारी की, पर्यटन सुविधाओं का लिया जायजा

@शब्द दूत ब्यूरो (06 जुलाई 2025)

रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रामनगर स्थित विश्व प्रसिद्ध जिम कार्बेट नेशनल पार्क में सफारी का आनंद लिया और इस दौरान राज्य में पर्यटन और पर्यावरणीय विकास की दिशा में कई महत्त्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का बड़ा हिस्सा वनों से आच्छादित है और ऐसे में यहां पर्यटन और जलक्रीड़ा जैसी गतिविधियों की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “हम राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत हैं। टिहरी को वॉटर स्पोर्ट्स का हब बनाने की दिशा में काम हो रहा है। राफ्टिंग सहित अन्य साहसिक खेलों को बढ़ावा देने की योजना है। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।”

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार वन विभाग के 40 प्रभागों में फलदार वृक्षारोपण की पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि आज रामनगर में इसकी शुरुआत की गई है। इसके साथ ही आगामी हरेला पर्व को लेकर भी विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने वन विभाग को निर्देशित किया है कि प्रत्येक प्रभाग में कम से कम 1000 पेड़ लगाए जाएं, ताकि राज्य की हरियाली और पर्यावरण संतुलन को और सुदृढ़ किया जा सके।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कार्बेट नेशनल पार्क (रामनगर, नैनीताल) में जंगल सफारी के दौरान वन्यजीवन की अद्भुत और रोमांचकारी झलक देखने को मिली। जैव विविधता के बीच यह अनुभव प्रकृति की अनमोल विरासत से जुड़ने का अवसर बना।

हमारी सरकार के निरंतर प्रयासों से आज राज्य में जंगल सफारी पर्यटन को एक नई पहचान मिली है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखण्ड आ रहे हैं, जिससे न केवल राज्य की पर्यटन अर्थव्यवस्था को बल मिला है, बल्कि लोगों के लिए भी आजीविका और स्वरोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं।

इस अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वन विभाग की टीम, स्थानीय समुदाय और पर्यावरण प्रेमियों के सहयोग से 1000 से अधिक पेड़ों का सामूहिक रोपण किया गया। यह केवल एक पेड़ लगाने की क्रिया नहीं बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का भावपूर्ण प्रतीक है। साथ ही वन विभाग की टीम से भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की, जो वनों और वन्यजीवों की सुरक्षा हेतु प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों से वन्यजीव संरक्षण, पारिस्थितिकी संतुलन और जैव विविधता को बनाए रखने के लिए नवाचारी योजनाओं को लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का प्राकृतिक सौंदर्य और जैविक विविधता देश ही नहीं, दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करती है। सरकार इस धरोहर को संरक्षित रखने के साथ-साथ इसे राज्य की प्रगति का आधार बनाने का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री की इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों और वन अधिकारियों में उत्साह देखा गया। जिम कार्बेट पार्क में सफारी के दौरान उन्होंने पर्यटन सुविधाओं का जायजा भी लिया और पार्क में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने की बात दोहराई।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

पश्चिम एशिया संकट पर पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों संग विस्तृत समीक्षा बैठक, ऊर्जा सुरक्षा से लेकर आपूर्ति शृंखला तक कई अहम निर्देश

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (28 मार्च 2026) नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-