वीडियो के वायरल होते ही प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों में रोष व्याप्त है। बताया जा रहा है कि यह घटना किसी प्रशासनिक कार्य से जुड़ी असहमति को लेकर हुई थी,
@शब्द दूत ब्यूरो (01 जुलाई 2025)
भुवनेश्वर, ओडिशा। राजधानी भुवनेश्वर में नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है, जिसमें भाजपा नेता अपरूपा राउत पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोपों के मुताबिक, अपरूपा राउत अपने समर्थकों के साथ नगर निगम के सरकारी कार्यालय में जबरन घुस गईं और वहां अधिकारी से बदसलूकी करते हुए उन्हें घसीटकर पीटा।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें मारपीट की झलकियां साफ तौर पर देखी जा सकती हैं। वीडियो के वायरल होते ही प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों में रोष व्याप्त है। बताया जा रहा है कि यह घटना किसी प्रशासनिक कार्य से जुड़ी असहमति को लेकर हुई थी, लेकिन हिंसा का रूप ले लेना कई सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपी भाजपा नेता व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नगर निगम प्रशासन व अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
इस घटना ने न केवल सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि राजनीतिक हस्तक्षेप और दबाव की संस्कृति पर भी गंभीर बहस छेड़ दी है। प्रशासनिक अधिकारियों की मांग है कि दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal