@शब्द दूत ब्यूरो (22 जून 2025)
देहरादून। राजधानी देहरादून में आज तड़के एक भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास हुआ, जब तेज रफ्तार कार आगे चल रहे सीमेंट से भरे ट्रेलर से जा टकराई।
घटना रविवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। हरियाणा नंबर की सफेद रंग की मारुति रिट्ज कार (HR 42 E 2701) सहारनपुर की ओर से देहरादून की तरफ आ रही थी। इसी दौरान आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास कार सामने चल रहे सीमेंट ट्रेलर (HR 63 F 5353) से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पांच युवक फंस गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर टीम ने कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतकों की पहचान अंकुश पुत्र अजीत, पारस पुत्र जयकरण (दोनों निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत), अंकित पुत्र राजेश (निवासी मेरिडा, तहसील जुलाना, जिला जींद) और नवीन पुत्र नरेश (निवासी खेड़ी, तहसील रोहतक) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान विनय पुत्र विजय (निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत) के रूप में हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर उसके चालक आफताब पुत्र जुल्फिकार (निवासी शेखपुरा कदीम, थाना देहात, जिला सहारनपुर) से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और पुलिस घटना की विस्तृत जांच में जुटी है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal