@शब्द दूत ब्यूरो (03 जनवरी 2024)
काशीपुर । मेयर पद का रण धीरे धीरे जोर पकड़ रहा है। बीते रोज कांग्रेस प्रत्याशी संदीप सहगल ने भाजपा प्रत्याशी दीपक बाली व भाजपा पर सीधा आरोप मढ़ कर चुनावी मुकाबले को दिलचस्प और रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा किया। भाजपा प्रत्याशी दीपक बाली ने प्रत्युत्तर में देर शाम प्रेस कांफ्रेंस कर तुरंत संदीप सहगल के आरोपों का जबाब देकर जता दिया कि आरोपों पर चुप्पी साधे नहीं बैठे रहेंगे।
काशीपुर में दोनों प्रत्याशियों के बीच कांटे के मुकाबले की जो उम्मीद जताई जा रही थी वह सच साबित हो रही है। दरअसल दोनों ही प्रमुख प्रत्याशी एक से बढ़कर एक हैं। एकतरफा मुकाबले की स्थिति नहीं है। वहीं बसपा से खड़े हसीन खान इन दोनों प्रत्याशियों के मुकाबले अभी मैदान में जोर आजमाइश करते नहीं दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपना कार्यालय तो खोल दिया है। पर हसीन खान खेमे में फिलहाल भाजपा कांग्रेस प्रत्याशियों की तरह वो गर्मजोशी और हलचल नहीं नजर नहीं आ रही है। आगे चलकर वह कितने प्रभावी ढंग से इस मुकाबले को त्रिकोणीय बना पाने में सक्षम हो पाते हैं यह देखना होगा।
संदीप और दीपक इस समय काशीपुर की जनता के बीच मेयर के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। अभी कौन भारी है यह कहना जल्दबाजी होगी। दीपक बाली जहां सत्ता में काबिज भाजपा के अब तक के चुनावी रण में अजेय योद्धा का रिकार्ड कायम करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं तो वहीं संदीप सहगल वर्षों से जीत से महरुम कांग्रेस के अभिशाप को खत्म करने और हार के लगातार दंश से पार्टी को उबारने के लिए प्रयास करते नजर आ रहे हैं। बीते रोज प्रेस कांफ्रेंस में जिस तरह से संदीप सहगल ने अपने उग्र तेवर दिखाए ठीक उसके विपरीत भाजपा के प्रत्याशी दीपक बाली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में संदीप सहगल पर बौखलाने की तोहमत मढ़ दी लेकिन उग्र हुये बिना। बहरहाल अब दोनों प्रत्याशियों की ओर से व्यक्तिगत हमलों की राजनीति शुरू हो गई है।
व्यक्तिगत हमलों को जनता और मतदाता किस तरह से लेती है। यह देखना होगा। आगे कौन है? यह अभी नहीं कहा जा सकता। फिलहाल तो कांग्रेस और भाजपा दोनों ही शहर के प्रथम नागरिक बनने की दौड़ में शामिल हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal