@विनोद भगत
काशीपुर । विमल पांडे एक संवेदनशील अधिकारियों में माने जाते हैं। परिवहन विभाग में ए आर टी ओ के पद पर कार्यरत विमल पांडे की एक खूबी और है। वह एक सरकारी अधिकारी होने के साथ-साथ मानवीय भावनाओं से ओतप्रोत हैं। अपने कर्तव्यों के निर्वहन का दिखावा करने वाले अधिकारियों से इतर विमल पांडे सही मायनों में आम जनता के प्रति सेवा भाव रखते हैं।
विमल पांडे ए आर टी ओ के पद पर काशीपुर में तैनात हैं। उनकी एक खूबी है कि परिवहन से सबंधित किसी काम के लिए उनके आफिस में कोई भी सीधे प्रवेश कर अपनी समस्या का समाधान पा सकता है। वीआईपी कल्चर से दूर वह हर किसी का स्वागत करते हैं।
दर असल विमल पांडे के भीतर का रंगकर्मी उन्हें सबसे अलग बनाता है। सड़क सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे पर वह पोस्टर लगाने तक ही सीमित नहीं है उससे आगे बढ़कर विमल पांडे ने सड़क दुर्घटनाओं में असमय जान गंवाने वाले, जिनमें अधिकांश युवा होते हैं, के लिए कुछ करने की ठानी और इसी विषय को लेकर उन्होंने एक कहानी लिखी और उस कहानी पर फिल्म बना डाली। यंग बाइकर्स नाम से यह फिल्म एक वर्ष पूर्व रिलीज हुई। फिल्म के कथानक का मूल उद्देश्य दिन प्रति दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को दृश्यात्मक ढंग से दर्शाकर रोकने का अभिनव प्रयास है।
यंग बाइकर्स में जिस तरह से घटनाओं को दिखाया गया वह आज के युवा वर्ग को सचेत करने के लिए उपयोगी है। दुर्घटना रोकने के साथ दुर्भाग्यवश दुर्घटना होने के बाद पीडित की सहायता कैसे करें यह भी शिक्षात्मक ढंग से बताया गया है। आम तौर पर आर टी ओ को वाहनों के चालान के लिए जाना जाता है पर ए आर टी ओ विमल पांडे की फिल्म यंग बाइकर्स में आर टी ओ की वास्तविक कार्यशैली को बताया गया है। विमल पांडे की यह फिल्म बताती है कि कानून बनने के साथ साथ उन कानूनों का पालन करने के लिए शिक्षित कर जागरूक करना भी जरूरी है।
फिल्म में रोचकता बनाये रखने के लिए बंबइया फार्मूले की तर्ज पर मसाला भी डाला गया है। लेकिन वह भी फिल्म देखने वालों को शिक्षा दे रहा है। मसलन दुर्घटना के वक्त खून जरूरी है कि खून देने वाले का धर्म या जाति। कुल मिलाकर यह फिल्म अपने उस उद्देश्य को सार्थक साबित कर रही जिसके लिए यह बनाई गई है।
खाखास बात यह है कि अब यह फिल्म यू ट्यूब प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है और हर कोई इसे देख सकता है। फिल्म युवाओं के साथ साथ उनके अभिभावकों के लिए भी एक जरूरी संदेश छोड़ती है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal