@शब्द दूत ब्यूरो (16 जुलाई 2024)
लखनऊ।पंतनगर, रहीमनगर, खुर्रमनगर में अब नहीं चलेगा योगी सरकार का बुलडोजर । योगी सरकार ने इस पर रोक लगा दी है। योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात भी की। 24 घंटे के अंदर सरकार ने यूपी के लोगों को दो बड़ी राहत दी है।
आपको बता दें कि लखनऊ के कुकरैल नदी के किनारे घरों को चिन्हित किया गया था। नदी के 50 मीटर के दायरे में बने घरों को अवैध बताया गया। कुकरैल रिवरफ्रंट के दायरे में रहीमनगर, खुर्रमनगर, इंद्रप्रस्थनगर, पंतनगर और अबरारनगर के करीब एक हजार मकान हैं। मकानों को चिह्नित कर उनपर लाल निशान लगा दिए गए थे। इन मकानों पर बुलडोजर चलाया जाना था।
अतिक्रमण हटाने का विरोध कर रहे स्थानीय भवन मालिकों का कहना था कि हम सबके पास रजिस्ट्री की कॉपी है। बिजली के बिल हैं। फिर घर कैसे अवैध हो गया। लोगों का कहना था कि जीवनभर की कमाई से उन्होंने मकान बनाया था। किसी ने लोन लेकर आशियाना बनाया और खरीदा था अतिक्रमण के नाम पर मकान तोड़ दिये गये तो हम लोग सड़क पर आए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद निर्देश दिया गया कि पंतनगर, खुर्रमनगर और अबरार नगर में कुकरैल नदी के किनारे घर नहीं तोड़े जाएंगे।
प्रभावित परिवारों के लोग आज मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंतनगर हो या इंद्रप्रस्थ नगर, वहां निवासरत लोगों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण जीवन के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। संबंधित प्रकरण में एनजीटी के आदेशों के क्रम में नदी के फ्लड प्लेन जोन का चिन्हांकन किया गया है। फ्लड प्लेन ज़ोन में निजी भूमि भी सम्मिलित है, लेकिन निजी भूमि को खाली कराने की न तो वर्तमान में कोई आवश्यकता है और न ही कोई प्रस्ताव है। निजी भूमियों में बने निजी भवनों के ध्वस्तीकरण का कोई विषय विचाराधीन नहीं है।
यही नहीं, उन्होंने कहा कि फ्लड प्लेन जोन चिन्हींकरण के दौरान भवन निर्माणों पर लगाये गये संकेतों से आम जन में भय और भ्रम फैला है, इसका कोई औचित्य नहीं था और इसके लिए जवाबदेही तय की जाए। प्रभावित परिवारों से मुख्यमंत्री ने कहा कि रिवर बेड विकसित करने में यदि कोई निजी भूमि पर बना भवन निर्माण आता है, जिसका प्रमाणित स्वामित्व किसी निजी व्यक्ति का है, उसे नियमानुसार समुचित मुआवजा देकर ही अधिग्रहीत किया जाएगा। मुख्यमंत्री से मिलने के बाद प्रसन्नचित परिवारों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

