@शब्द दूत ब्यूरो (21 जून 2024)
आदि कैलाश/देहरादून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज आदि कैलाश में आयोजित योग शिविर में भाग लिया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रदेश वासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2024 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनादि काल से ही भारत में ध्यान और योग का विज्ञान प्रचलित है और आज संपूर्ण विश्व भारत की इस योग संस्कृति का अनुसरण कर स्वस्थ और आरोग्य जीवन की कला सीख रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में हमारी डबल इंजन सरकार उत्तराखण्ड को अंतर्राष्ट्रीय योग हब बनाने के लिए पूरी तरह से प्रयासरत है। हमारा प्रयास प्रदेश में योग, अध्यात्म और नेचुरोपैथी को बढ़ावा देना है और इस संकल्प की सिद्धि के लिए इस वर्ष प्रदेश में योग नीति लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि योग हमारी मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक ऊर्जा को जागृत करता है। आइए, हम सभी इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वयं और समाज के लिए योग’ को साकार करते हुए स्वस्थ और निरोगी जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal