@शब्द दूत ब्यूरो (16 दिसंबर 2023)
काशीपुर। लंबे समय से विवादों में घिरे गोविंद बल्लभ पंत इंटर मीडिएट कालेज आज फिर सुर्खियों में आ गया। दरअसल विद्यालय परिसर में आज अध्यापक अभिभावक ऐसोसिएशन की बैठक चल रही थी। इसी बीच अध्यापक अभिभावक ऐसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ने बैठक को अवैधानिक बताते हुए विरोध किया । उधर इसी बीच प्रबंधन और प्रधानाचार्य के बीच चल रहे मामले की जांच को पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी।
बता दें कि गोविंद बल्लभ पंत शिक्षा समिति और प्रधानाचार्य के बीच विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं और पुलिस में भी मामले दर्ज हुए हैं। आज की बैठक को लेकर आरोप लगाया गया कि बैठक से पूर्व नियमों का पालन नहीं किया गया और आनन-फानन में बैठक बुलाकर फर्जी काम करने की कोशिश की गई ताकि जांच को प्रभावित किया जा सके। उधर विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय शंकर कौशिक ने कहा कि बैठक की सूचना एक सप्ताह पूर्व ही सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को दे दी गई थी। उन्होंने कहा कि पहली सूचना में समय नहीं दिया गया था बैठक के समय की सूचना बीती रात ही दी गई ।
अध्यापक अभिभावक ऐसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने बताया कि बैठक बुलाने से पहले नियमों का पालन नहीं किया। आज की बैठक सिर्फ इसलिए बुलाई गई ताकि बैठक को बैक डेट में दिखाकर फर्जी साइन से फर्जी काम किया जा सके। नरेंद्र शर्मा ने कहा कि दो पेज खाली छोड़े गए हैं ताकि नियम विरुद्ध कार्य किया जा सके।
उधर प्रधानाचार्य अजय शंकर कौशिक ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि बैठक का उद्देश्य आगामी प्री बोर्ड परीक्षा की तैयारियों से अभिभावकों को अवगत कराने तथा विद्यालय में फर्नीचर की व्यवस्था को लेकर बुलाई गई है।
बहरहाल आज की बैठक को लेकर विद्यालय में माहौल काफी गरमा गर्म रहा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
