@शब्द दूत ब्यूरो (25 सितंबर 2023)
काशीपुर। शहर ने कल अपनी छवि को बदल दिया। आमतौर पर काशीपुर की पहचान अब राजनेताओं के स्वागत और महिमामंडन करने वालों की हो रही है। लेकिन कल की शाम हुये एक कार्यक्रम में अब इस मिथक को तोड़ दिया गया। अवसर था स्व भगवती प्रसाद भटनागर “अहकर काशीपुरी”के जन्म शताब्दी समारोह का। श्री कायस्थ सभा द्वारा आयोजित इस शानदार शाम में मौजूद सैकड़ों लोगों ने अहकर काशीपुरी सरीखी एक हस्ती को याद कर इस शाम को यादगार बना दिया।
श्री कायस्थ सभा काशीपुर द्वारा मशहूर शायर एवं पुरातत्वविद् भगवती प्रसाद भटनागर उर्फ अह़कर काशीपुरी की जन्मशताब्दी के मौके पर समारोह में क्षेत्र के कवियों ,शायरों एवं उनके विषय में जानकारी रखने वालों के साथ ही अनेक ऐसे लोग भी पहुंचे जिन्होंने पहली बार उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को जाना। लोगों को पता चला कि अहक़र काशीपुरी ना सिर्फ एक अच्छे शायर और पुरातत्वविद् थे बल्कि वे जीव विज्ञान के भी प्रकांड विद्वान थे तथा समसामयिक विषयों पर चर्चा में विशेष रुचि लेते थे ।तब के समय के मशहूर शायर एवं साहित्यजगत से जुड़े मशहूर लोग जब भी काशीपुर आते थे अह़कर साहब से अवश्य मिलते थे ।उनकी शायरी के चाहने वाले न सिर्फ भारत में थे बल्कि विदेशों में भी कला प्रेमियों में वे काफी प्रसिद्ध थे ।दिल्ली ,लखनऊ ,इलाहाबाद ,मुंबई ,कराची , लाहौर आदि में उनकी लेखनी लगातार प्रकाशित होती रहती थीं ।
संपन्नता और बुद्धिमत्ता का संयोग आजकल बहुत कम दिखाई देता है! काशीपुर में अहक़र जन्मशताब्दी समारोह का आत्मीय आयोजन सफलता के साथ हुआ। राजनीति ही सब कुछ नहीं है। साहित्य संस्कृति कला भी मनुष्य के लिए उपयोगी हैं। काशीपुर के आयोजक मण्डल की सक्रियता औरों के लिए अनुकरणीय उदाहरण है।
-वाचस्पति, वाराणसी.
इस मौके पर किसान नेता एवं जन कवि बल्ली सिंह चीमा,शायर इंजी इरफान हमीद,इकबाल अदीब, कवि डा०मनोज आर्या ,शेष कुमार सितारा, सोमपाल प्रजापति, राही अंजाना, प्रतोष मिश्रा ,सुरेंद्र मधुर,अनुश्री भारद्वाज तथा वक्ता मनोज कौशिक महाराज, विनोद भगत आंगिरस , एड० मुकेश सक्सेना,आशीष भटनागर आदि ने अपनी एक से एक शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम का समां बांधे रखा । कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि काफी देर तक लोग इसमें मौजूद रहकर शहर की इस हस्ती से परिचित हुए।
इस दौरान समारोह में नगर की महापौर श्रीमती ऊषा चौधरी ने इस तरह के कार्यक्रम के आयोजन को एक अच्छी पहल बताते हुए आयोजकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के व्यक्तित्व से आज की पीढ़ी को परिचित कराना आवश्यक है। कांग्रेस नेता संदीप सहगल ने कहा कि स्व भगवती प्रसाद भटनागर अहकर काशीपुरी शहर के लिए एक गौरवशाली व्यक्तित्व रहे हैं।
कार्यक्रम संयोजक संस्था सचिव एड० अभिताभ सक्सेना ने संस्थाध्यक्ष गौरव सक्सेना सहित समस्त कार्यकारिणी को कार्यक्रम की सफलता का श्रेय देते हुए कहा की श्री कायस्थ सभा के ही नहीं वरन् काशीपुर शहर के इतिहास में राजनेताओं की जयंती या पुण्यतिथि मनाया जाना एक आम बात है। लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है की किसी संस्था द्वारा इतने बड़े स्तर पर अपने किसी साहित्यिक जगत से जुड़े पूर्वज का स्मरण उनकी जन्मशताब्दी पर किया गया हो । कोषाध्यक्ष राजेश सक्सेना ने बताया की आज के कार्यक्रम में मिली प्रतिक्रिया से मन बेहद प्रफुल्लित है। श्री कायस्थ सभा काशीपुर भविष्य में भी इस तरह के आयोजन करती रहेगी ।
कार्यक्रम का संचालन मनोज कौशिक द्वारा किया गया तथा इस दौरान संस्था संरक्षक आनंद सक्सेना, अशोक सक्सैना,सुशील सक्सेना ,मीडिया प्रभारी अजय सक्सेना ,अरविंद सक्सेना बंटी ,नवीन सक्सेना ,राकेश सक्सेना ,यशवर्धन सक्सेना ,ज्ञानेंद्र सक्सेना ,अमोल श्रीवास्तव ,कुलदीप श्रीवास्तव , मयंक शर्मा,विजय चौधरी ,संजय भाटिया ,शशिकांत गुप्ता ,गौरव गुप्ता ,अमित सक्सेना ,प्रशांत सिंह आदि लोग मौजूद रहे ।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

