@शब्द दूत ब्यूरो (06 सितंबर 2023)
काशीपुर। सोशल मीडिया के एक ओर फायदे हैं तो दूसरी ओर नुकसान भी हैं। पिछले तीन दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो देश के अनेक शहरों में वायरल हो रहा है। लेकिन सोशल मीडिया का कमाल देखिए हर शहर में वायरल वीडियो उसी शहर का बताया जा रहा है। जबकि वीडियो कहां का है ये स्पष्ट कोई नहीं बता रहा। ऐसे में भ्रम की स्थिति बन रही है। और एक वीडियो से अनेक मिठाई की दुकानों को बदनाम किया जा रहा है। यहां तक कि इस वायरल वीडियो का कनेक्शन उत्तराखंड के काशीपुर से भी जोड़ दिया गया है। पर सच्चाई है क्या?
कीड़े मिटाई में निकले जरूर हैं लेकिन कहां और कौन से शहर में यह अधिकांश लोग नहीं जान पा रहे हैं। हम आपको बताते हैं कि कौन से शहर का है ये मामला?हालांकि ये वायरल वीडियो इसी शहर का है इस बात की पुष्टि नहीं हो रही।
सबसे पहले बात करते हैं लुधियाना शहर की यहां सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो को लेकर हलवाई एसोसिएशन ने गहरा एतराज किया है। पंजाब हलवाई संगठन के प्रधान नरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि जिस हलवाई का नाम लेकर यह वीडियो वायरल की जा रही है, यह उसकी नहीं है बल्कि किसी दूसरे प्रदेश की बताई जा रही है जिसे लेकर सभी हलवाइयों में गहरा रोष पाया जा रहा है। किसी रोष स्वरूप उन्होंने आज ए.सी.पी. साइबर क्राइम सराभा नगर में एक शिकायत देकर मामले की गहराई से जांच करने को कहा है।
लालपुर स्वीट्स के मालिक प्रवीण खरबंदा तथा कपिल खरबंदा ने कहा कि वायरल वीडियो में उनके नाम को बदनाम करने की कोशिश की गई है जबकि उनकी दुकान का नक्शा दिखाई गई वीडियो से एकदम भिन्न है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह इस वीडियो को अकारण दूसरे ग्रुपों में ना भेजें क्योंकि अब यह साइबर क्राइम का मामला बन गया है। उल्लेखनीय है कि वायरल वीडियो में एक हलवाई की दुकान पर मिठाई में से कीड़े निकाल कर दिखाए जा रहे हैं।
अब आइये चलते हैं मुजफ्फरनगर यहां भी शहर की मशहूर मिठाई की दुकान मदन संस स्वीटस की बताकर वायरल की जा रही है, जबकि ना ही तो ये दुकान मदन संस स्वीट्स की है और ना ही ये वीडियो मुज़फ्फरनगर की है। बताया जाता है कि फर्जी वीडियो मदन संस दुकान के नाम से चलाई गई है। फर्जी वीडियो चलाने वाले के खिलाफ मदन संस द्वारा कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के ही सहारनपुर नगर के घंटाघर स्थित स्टेंडर्ड स्वीट्स का बता कर इस वीडियो को वायरल किया जा रहा है।प्रचारित किया जा रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची जांच में साफ हो गया कि वायरल वीडियो का स्टैंडर्ड स्वीट्स से कोई लेना देना नहीं है।
उधर स्टैंडर्ड स्वीट्स के स्वामी हिमांशु ने बताया कि
कुछ शरारती तत्वों ने उनकी शहर में उनकी प्रतिष्ठित संस्थान की छवि को धूमिल करने का कुत्सित प्रयास किया है। जिसके संबंध में उन्होंने थाना साइबर क्राइम सहित प्रशासन को शिकायत दर्ज कराई है। हिमांशु ने मीडिया से अनुरोध किया है कि जाने अंजाने में उनके द्वारा शेयर किए जा रहे वीडियो को डिलीट करते हुए सच्चाई से पाठकों/ दर्शकों को अवगत कराएं।
दरअसल बताया ये भी जा रहा है कि मिठाई की दुकान पर कीड़े निकलने का ये मामला मुरादाबाद का है। अब वीडियो इसी दुकान से संबंधित है इस बात की पुष्टि नहीं की जा रही है। यद्यपि जिस दुकान का नाम लिया जा रहा है उनकी ओर से कोई खंडन या प्रतिवाद अभी तक नहीं आया है। अलबत्ता कुछ लोग खुद ही उस दुकान का नाम ले रहे हैं। मिठाई की यह दुकान मुरादाबाद में पीलीकोठी पर स्थित है। इस मिठाई की दुकान में एक व्यक्ति ने मिठाई खरीदी तो उसमें कीड़े निकले। कथित वीडियो बनाने वाला ग्राहक कह रहा है कि देखो सब लोग स्टाफ तुम भी देखो सूड़ी है कीड़े हैं। वीडियो में ग्राहक कह रहा है कि तुम्हारे यहां से बीस-बीस हजार की मिठाई लेकर जाते हैं और इस तरह की मिठाई बेच रहे हो । अन्य ग्राहकों को कीड़े निकल रहे हैं। इस मामले में मिठाई दुकान का स्टाफ बहस भी करता दिखाई दे रहा है। बाद में दोनों पक्षों में गाली गलौज भी सुनाई देता है। यह हालात हैं जब लोग एक नामचीन ब्रांड से महंगी मिठाई विश्वास पर खरीदकर ले जाते हैं। इसके हैं। खुले आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा है। हैरत है कि भारी भरकम स्टाफ वाले खाद्य सुरक्षा विभाग घटिया मिठाई की बिक्री नहीं रोक पा रहा है।
अब देखना यह है कि इस मिठाई की दुकान में कीड़े के इस मामले को कहां कहां से जोड़ा जाता है?
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
