@शब्द दूत ब्यूरो (30 जुलाई 2023)
हल्द्वानी। सड़क पर घूमते हुए पशुओं को अब आवारा नहीं कहा जायेगा। यहां मुखानी चौराहे पर एक ऐसे ही नजारे को देखने के बाद आपको अपना नजरिया बदलना होगा।
आवारा पशुओं की यह समस्या पूरे राज्य में है। लेकिन मुखानी चौराहे पर एक सांड ने जिस तरह से ट्रैफिक नियंत्रण का जिम्मा संभाला वह देखने लायक है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ओ पी पांडे ने इस घटना का एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में व्यस्त सड़क पर आते जाते वाहनों को नियंत्रित करता एक सांड दिखाई दे रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक टैंपो को सांड अपने सींगों से पीछे हटा रहा है। टेंपो में कुछ सवारियां भी बैठीं हैं।अब सांड के हाथ में डंडा तो है नहीं सो सांड अपने सींगों का ही इस्तेमाल कर रहा है।
वीडियो दिलचस्प है साथ ही स्थानीय प्रशासन की सड़क पर घूमते पशुओं की ओर से लापरवाही का उदाहरण भी है। इस दौरान जिस तरह से सांड टैंपो को पीछे धकेल रहा है उससे कोई दुर्घटना भी हो सकती थी। लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण तो हो ही रहा है। अलबत्ता चालान की कोई संभावना नहीं है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal