@शब्द दूत ब्यूरो (28 जुलाई 2023)
काशीपुर। बरसात के दौरान शहर की तमाम कालोनियों में जलभराव के चलते नागरिक परेशान हैं। बारिश का पानी लोगों के घरों में घुसने से उन्हें भारी नुक़सान झेलना पड़ रहा है। शहर की अधिकांश कालोनियों में यही समस्या है।
आज सुबह कूर्मांचल कालोनी कटोराताल के नागरिक अपनी इस समस्या को लेकर एक बार फिर मेयर ऊषा चौधरी के पास जा धमके। इस अवसर पर कालोनी की महिलाओं तथा पुरूषों ने मेयर को वस्तुस्थिति से अवगत कराया। कालोनी के लोगों का कहना था कि कूर्मांचल कालोनी में नयी बस्ती, सरकारी अस्पताल तथा पोस्टमार्टम हाउस कालोनी की ओर से आने वाले नालों का पानी आने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। मेयर ऊषा चौधरी ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि वह स्वयं मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लेंगी।
शाम को नगर निगम के जे ई के साथ मेयर ऊषा चौधरी कूर्मांचल कालोनी पहुंची और कालोनी में पानी भरने के कारणों की जानकारी स्थलीय निरीक्षण किया। वहां मौजूद दर्जनों की संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने उन्हें मौके पर ही जलभराव के कारकों की जानकारी दी। मेयर ऊषा चौधरी ने गंभीरता से नागरिकों की बात सुनी तथा जल्द ही हरसंभव कोशिश का भरोसा दिलाया। उन्होंने मौके पर मौजूद जे ई को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही का निर्देश दिया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal