@शब्द दूत ब्यूरो (19 जुलाई, 2023)
क्या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डर से सतपाल महाराज हरिद्वार पहुंचे! उत्तराखंड के राजनीतिक हलकों में अब ये सवाल शिद्दत से उठ रहा है। कहा जा रहा है कि हरिद्वार के प्रभारी मंत्री मुख्यमंत्री धामी की अपील पर नहीं बल्कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डर से हरिद्वार जाने को मजबूर हुए।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता जोत सिंह बिष्ट ने सतपाल महाराज और सीएम धामी दोनों पर तंज कसते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के प्रभारी मंत्रियों को जिले में जाकर आपदा प्रबंधन के काम देखने के सुझाव के बाद 15 जुलाई को मुख्यमंत्री धामी ने भी अपने सभी मंत्रियों और अधिकारियों को जिलों में जाकर कैंप करने की अपील की, लेकिन किसी मंत्री या अधिकारी ने मुख्यमंत्री की बात पर ध्यान नहीं दिया। कोई मंत्री अपने प्रभार के जिले में राहत एवं बचाव कार्य केे लिए नहीं गया।
बिष्ट ने आगे कहा कि बीते दिनों हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण जब भीमगोड़ा बैराज का गेट नंबर 10 टूटा और गंगा का पानी बहुत जोर के साथ उत्तर प्रदेश के गांव और कस्बों की तरफ बढ़ा तो उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज जी हरिद्वार की तरफ दौड़ पड़े। अपने मुख्यमंत्री की बात को अनसुना करने वाले सतपाल महाराज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खौफ से डरकर हरिद्वार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में जाने वाले पानी को कैसे रोका जाए इसके लिए हरिद्वार की तरफ भागे।
जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि ये स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। एक वरिष्ठ और जिम्मेदार मंत्री अपने मुख्यमंत्री की बात को अनसुना करने के बाद दूसरे राज्य के मुख्यमंत्री के डर से काम करता हुआ दिखाई देता है। ऐसे में भाजपा सरकार के इन मंत्रियों से उत्तराखंड की जनता क्या उम्मीद कर सकती है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal